बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर,21 अप्रैल। बलरामपुर जिले में यात्री बसों का संचालन निर्धारित परमिट और तय मार्ग के अनुसार नहीं होने से आम यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में सर्व नवीन सोनार समाज कल्याण समिति, राजपुर के अध्यक्ष सुरेश सोनी ने जिला परिवहन अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर व्यवस्था में सुधार की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया है कि जिले में संचालित कई यात्री बसें अपने निर्धारित मार्ग का पालन नहीं कर रही हैं। विशेष रूप से एनएच-343 मार्ग पर अंबिकापुर से रामानुजगंज तक चलने वाली बसों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। कुछ बसें निर्धारित मार्ग से हटकर अंबिकापुर से सेमरसोत होते हुए बलरामपुर-रामानुजगंज पहुंच रही हैं, जबकि कुछ बसें वाड्रफनगर मार्ग से संचालन कर रही हैं। इससे मुख्य मार्ग पर पडऩे वाले कई गांवों और कस्बों के यात्रियों को बस सुविधा नहीं मिल पा रही है।
इस अनियमितता के कारण परसा, ककना, बरियों, राजपुर, झींगों, बासेन, पस्ता और पाढ़ी जैसे क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों और दैनिक यात्रियों को मजबूरन निजी वाहनों या अन्य वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे समय और आर्थिक बोझ दोनों बढ़ रहे हैं।
समिति अध्यक्ष सुरेश सोनी ने मांग की है कि सभी यात्री बसों का संचालन उनके निर्धारित परमिट और तय रूट के अनुसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके और आवागमन व्यवस्था सुचारू हो सके।
इस संबंध में जिला परिवहन अधिकारी यशवंत यादव ने बताया कि मंगलवार शाम को यातायात एवं परिवहन विभाग की टीम सेमरसोत क्षेत्र का दौरा कर यात्री बसों की जांच करेगी। जांच के दौरान किसी प्रकार की गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित बस संचालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।


