बलरामपुर
बलरामपुर, 19 अप्रैल। नगर पालिका परिषद बलरामपुर के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) प्रणव राय का तबादला कर दिया गया है। यह कार्रवाई एक कथित वायरल ऑडियो क्लिप को लेकर हुए विवाद के बाद की गई है, जिसमें उन पर जनप्रतिनिधियों के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया गया था। मामले ने तूल पकडऩे के बाद पार्षदों और जनप्रतिनिधियों द्वारा लगातार कार्रवाई की मांग की जा रही थी।
जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक ऑडियो क्लिप में सीएमओ प्रणव राय द्वारा जनप्रतिनिधियों के लिए आपत्तिजनक शब्दों के प्रयोग का आरोप सामने आया था। हालांकि, ऑडियो की आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हुई है, लेकिन इसके सामने आने के बाद नगर पालिका के पार्षदों में नाराजगी बढ़ गई थी। पार्षदों ने इसे अपने सम्मान से जुड़ा विषय बताते हुए घटना की कड़ी निंदा की थी।
पार्षद अमित गुप्ता ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि संबंधित अधिकारी पर पूर्व में भी कई गंभीर आरोप लग चुके हैं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की। वहीं पार्षद गौतम सिंह ने भी इस मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि इस घटना से नगरपालिका कार्यालय की गरिमा को ठेस पहुंची है।
नगर पालिका उपाध्यक्ष दिलीप सोनी ने भी इस प्रकरण में कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों का अपमान किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। लगातार बढ़ते विवाद और दबाव के बीच प्रशासन ने अंतत: सीएमओ प्रणव राय का स्थानांतरण करने का निर्णय लिया।
तबादले की कार्रवाई के बाद कुछ जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने संतोष व्यक्त किया है, जबकि कई लोगों ने अभी भी वायरल ऑडियो की सत्यता की निष्पक्ष जांच की मांग दोहराई है। प्रशासन का कहना है कि ऑडियो की जांच की जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। फिलहाल यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।


