बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलरामपुर, 2 अप्रैल। जिला मुख्यालय एनएच-343 राष्ट्रीय राजमार्ग पर डूमरखी बैरियर के समीप गुरुवार को एक बड़ा हादसा हो गया, जहां एक तेज रफ्तार ट्रेलर वाहन अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे खड़े सरई के पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि कुछ ही पलों में पूरा ट्रेलर आग की लपटों में घिर गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बलरामपुर सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत डूमरखी बैरियर के समीप बलरामपुर से अंबिकापुर की ओर जा रहा था, तभी अचानक नियंत्रण खोने से वाहन पेड़ से टकरा गया और देखते ही देखते उसमें आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
बताया जा रहा है कि हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। हादसा गुरुवार दोपहर 3 के करीब की बताई जा रही है घटनास्थल जिला मुख्यालय से करीब 4 किलोमीटर की दूरी पर है।


