बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर, 19 अप्रैल। राष्ट्रीय राजमार्ग 343 पर चल रहे नाली निर्माण कार्य की धीमी गति से नगरवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ठेकेदार द्वारा जगह-जगह गड्ढे खोदकर छोड़ दिए जाने से आए दिन सडक़ पर जाम की स्थिति निर्मित हो रही है, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
करोड़ों की लागत से अंबिकापुर से रामानुजगंज जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग 343 पर निर्माण कार्य जारी है। इसी कड़ी में सडक़ से सटे शहरों और बस्तियों में नाली निर्माण का कार्य भी किया जा रहा है। राजपुर नगर में तहसील कार्यालय से लेकर गेयुर नदी तक लगभग तीन किलोमीटर लंबाई में नाली निर्माण किया जाना है, लेकिन कार्य की धीमी रफ्तार के कारण लोगों की परेशानी बढ़ गई है।
बताया जा रहा है कि ठेकेदार द्वारा नाली निर्माण के लिए जगह-जगह गड्ढे खोदकर छोड़ दिए गए हैं, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है। गड्ढों से निकली मिट्टी और मलबा सडक़ों पर पड़े रहने से वाहनों के आवागमन में बाधा उत्पन्न हो रही है और आए दिन जाम की स्थिति बन रही है। वहीं कई स्थानों पर आधी-अधूरी नाली बनाकर छोड़ देने से भी लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
नगरवासियों का कहना है कि प्रमुख मार्गों पर गड्ढे खोदकर छोड़ दिए जाने से वाहनों को निकलने में कठिनाई हो रही है। जिन घरों के सामने नाली निर्माण अधूरा छोड़ दिया गया है, वहां रहने वाले लोगों को घर से बाहर निकलने में भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। लोगों ने मांग की है कि नाली निर्माण के साथ-साथ सडक़ पर मिट्टी भराई (फिलिंग) का कार्य जल्द पूरा किया जाए, ताकि आवागमन सुचारु हो सके।
इसके अलावा शहर में बन रही नालियों की ऊंचाई अधिक होने से सडक़ का स्तर नीचे हो गया है, जिससे सडक़ पार करना मुश्किल हो गया है। अस्पताल और शासकीय कार्यालय जैसे प्रमुख स्थानों तक पहुंचने के लिए लोगों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ रहा है। कई घरों के सामने नाली की ऊंचाई अधिक होने से लोगों को घर से निकलने में भी भारी मशक्कत करनी पड़ रही है।
नगरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए और जल्द से जल्द सडक़ पर मिट्टी भराई का कार्य पूरा कर लोगों को हो रही परेशानियों से राहत दिलाई जाए।


