बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर,19 अप्रैल। राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खोखनिया (गुरहिपारा) में एक हादसे में 6 वर्षीय मासूम की मौत हो गई। खेलते समय अचानक बिजली का खंभा गिरने से बच्चा उसकी चपेट में आ गया, जिससे उसकी जान चली गई। घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम खोखनिया में गत शनिवार को मंडप के लिए एक खुटा बिजली के खंभे के सहारे खड़ा किया गया था। इसी दौरान अचानक बिजली का खंभा गिर गया, जिससे नीचे खेल रहा 6 वर्षीय तुषार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के तुरंत बाद परिजन उसे निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रायपुर रेफर कर दिया। परंतु रास्ते में ही मासूम ने दम तोड़ दिया।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि बिजली का खंभा ठेकेदार द्वारा ठीक तरीके से नहीं लगाया गया था, जिसके कारण यह हादसा हुआ। उनका कहना है कि लापरवाही के चलते एक मासूम की जान चली गई। घटना के बाद पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


