बलरामपुर

अक्षय तृतीया पर श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई भगवान परशुराम जयंती, निकली शोभायात्रा
19-Apr-2026 10:08 PM
अक्षय तृतीया पर श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई भगवान परशुराम जयंती, निकली शोभायात्रा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रामानुजगंज, 19 अप्रैल। नगर में अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर विप्र समाज द्वारा भगवान परशुराम जयंती बड़े ही श्रद्धा, उत्साह और धूमधाम के साथ मनाई गई। इस अवसर पर पूरे नगर में धार्मिक वातावरण देखने को मिला और हर ओर भक्ति का माहौल बना रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रात: शिव मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई, जहां बड़ी संख्या में विप्र समाज के लोग एकत्रित हुए। श्रद्धालुओं ने भगवान परशुराम का पूजन कर समाज की सुख-समृद्धि, शांति और कल्याण की कामना की।

पूजा-अर्चना के उपरांत नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें भगवान परशुराम की आकर्षक झांकी सजाई गई थी। शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में भक्ति गीतों और जयघोषों के साथ आगे बढ़ रहे थे, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। यह शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों से होकर गुजरी, जहां विभिन्न स्थानों पर नागरिकों द्वारा पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया गया।

शोभायात्रा के दौरान अनुशासन और व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा गया। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जगह-जगह पानी एवं प्रसाद की व्यवस्था की गई थी। नगरवासियों ने भी बढ़-चढक़र इस आयोजन में भाग लिया और अपनी आस्था प्रकट की। अंत में शोभायात्रा शिव मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई, जहां समापन कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां भी श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर भगवान से आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे आयोजन ने धार्मिक एकता का संदेश देने के साथ ही समाज में आपसी सहयोग और भाईचारे को भी मजबूत किया।


अन्य पोस्ट