बलरामपुर

कार्यक्रम में एसडीएम-तहसीलदार की अनुपस्थिति पर भडक़ीं सामरी विधायक
16-Apr-2026 8:49 PM
कार्यक्रम में एसडीएम-तहसीलदार की अनुपस्थिति पर भडक़ीं सामरी विधायक

24 घंटे में एसडीएम को हटाने की दी चेतावनी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजपुर, 16 अप्रैल। शासकीय नवीन महाविद्यालय राजपुर में मुख्य सडक़ से महाविद्यालय तक बनने वाली सीसी सडक़ एवं नाली निर्माण के भूमिपूजन में पहुँची सामरी विधायक उद्धेश्वरी पैकरा अधिकारियों की अनुपस्थिति पर भडक़ गईं। कार्यक्रम में एसडीएम व तहसीलदार के नहीं पहुँचने पर उन्होंने मंच से ही कड़ी नाराजगी जाहिर की और कलेक्टर से फोन पर बात कर 24 घंटे के भीतर एसडीएम को हटाने की चेतावनी दी।

गुरुवार को शासकीय महाविद्यालय राजपुर में आयोजित सीसी सडक़ एवं नाली निर्माण के भूमिपूजन कार्यक्रम में विधायक श्रीमती पैकरा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुई थीं। कार्यक्रम के दौरान जब उन्हें जानकारी मिली कि राजपुर एसडीएम एवं तहसीलदार उपस्थित नहीं हैं, तो उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि कार्यक्रम स्थल से महज 200 मीटर की दूरी पर एसडीएम व तहसील कार्यालय स्थित है और अधिकारी इसी मार्ग से प्रतिदिन आवागमन करते हैं, इसके बावजूद उनका कार्यक्रम में नहीं पहुँचना गंभीर लापरवाही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

भूमिपूजन के बाद विधायक सीधे तहसील कार्यालय पहुँचीं, जहाँ एसडीएम व तहसीलदार मौजूद मिले। विधायक द्वारा अनुपस्थिति का कारण पूछे जाने पर अधिकारियों ने कार्यक्रम की सूचना नहीं मिलने की बात कही। इस पर विधायक ने नाराजगी व्यक्त करते हुए बलरामपुर कलेक्टर से फोन पर चर्चा की और राजपुर एसडीएम को तत्काल हटाने की मांग की।

 उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे के भीतर एसडीएम को नहीं हटाया गया तो वे कार्यकर्ताओं के साथ राजपुर तहसील कार्यालय के सामने धरने पर बैठेंगी। विधायक ने कहा कि अधिकारियों की मनमानी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जो अधिकारी जनप्रतिनिधियों व जनता की बात नहीं सुनेंगे, उन्हें यहाँ रहने का अधिकार नहीं है।

ग्रामीणों की समस्या सुन दिए सीमांकन के निर्देश

कार्यक्रम के बाद जब विधायक वापस लौट रही थीं, तभी तहसील कार्यालय के पास ग्रामीणों की भीड़ देखकर उन्होंने रुककर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने बताया कि वे पिछले चार माह से जमीन सीमांकन के लिए तहसील कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उनका काम नहीं हो पा रहा है। इस पर विधायक ने तत्काल तहसीलदार कावेरी मुखर्जी को कार्यालय के बाहर बुलवाकर जानकारी ली, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने एक सप्ताह के भीतर संबंधित ग्रामीणों की जमीन का सीमांकन पूरा करने के निर्देश दिए।


अन्य पोस्ट