बलरामपुर

कोटागहना में पुलिया निर्माण पर उठा विवाद, उपसरपंच ने लगाए अनियमितता के आरोप
16-Apr-2026 8:45 PM
कोटागहना में पुलिया निर्माण पर उठा विवाद, उपसरपंच ने लगाए अनियमितता के आरोप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजपुर,16 अप्रैल। बलरामपुर जिले के राजपुर जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत कोटागहना में अटल चौक से जलाशय मार्ग पर कन्हाई घर के पास डीएमएफ मद से लगभग 20 लाख रुपये की लागत से बन रही पुलिया को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। ग्राम पंचायत के उपसरपंच अनिल तिवारी ने निर्माण कार्य में अनियमितता के गंभीर आरोप लगाए हैं।

इस संबंध में जनपद पंचायत राजपुर के सीईओ संजय दुबे ने बताया कि कोटागहना पंचायत में पुलिया निर्माण की स्वीकृति एसडीओ और इंजीनियर द्वारा स्थल का निरीक्षण एवं सत्यापन करने के बाद ही दी गई है। उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी प्रकार की गड़बड़ी पाई जाती है तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

उपसरपंच अनिल तिवारी का कहना है कि जिस स्थान पर नई पुलिया का निर्माण किया जा रहा है, वहां पहले से ही पंचायत द्वारा पुलिया बनाई जा चुकी थी और उस स्थान पर नई पुलिया की कोई आवश्यकता नहीं थी। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना जरूरत के पुरानी पुलिया को तोडक़र नई पुलिया का निर्माण केवल शासकीय राशि के दुरुपयोग और बंदरबांट के उद्देश्य से कराया जा रहा है।

ग्रामीणों ने भी उपसरपंच के आरोपों का समर्थन करते हुए बताया कि उक्त स्थल पर पानी निकासी की कोई गंभीर समस्या नहीं थी। उनका कहना है कि बरसात के दिनों में भी खेतों में पानी का भराव नहीं होता था और किसान ट्यूबवेल के माध्यम से धान की रोपाई करते थे। ऐसे में पुलिया निर्माण को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है।

ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत क्षेत्र में कई ऐसे स्थान हैं, जहां पुलिया की वास्तविक आवश्यकता है, लेकिन वहां कार्य स्वीकृत नहीं किया गया।

उपसरपंच ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि बिना उचित जांच के इस प्रकार के कार्यों को स्वीकृति देना समझ से परे है। उन्होंने आरोप लगाया कि बाहरी ठेकेदारों की मिलीभगत से यह निर्माण कार्य कराया जा रहा है, जिसमें बड़े पैमाने पर आर्थिक अनियमितता की आशंका है।

 उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस मामले की निष्पक्ष जांच नहीं कराई गई तो संबंधित ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। साथ ही निर्माण कार्य की तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की गई है।


अन्य पोस्ट