बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज,24 मार्च। नगर में सूर्य उपासना के महापर्व चैती छठ को इस वर्ष विशेष श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। आज व्रत के तीसरे दिन व्रतधारियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को अघ्र्य अर्पित किया, जबकि कल प्रात:काल उगते सूर्य को अघ्र्य देकर व्रत का समापन किया जाएगा।
छठ पर्व को लेकर नगर में कई दिनों पहले से व्यापक तैयारियां शुरू कर दी गई थीं। नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष रमन अग्रवाल के नेतृत्व में साफ-सफाई और व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया गया। व्रतधारियों के आवागमन के मार्गों की अच्छी तरह सफाई कराई गई तथा रास्तों को पानी से धुलवाया गया, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
नगर के प्रमुख छठ घाट, विशेषकर राम मंदिर स्थित कन्हर नदी घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्रित हुए। यहां न केवल छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों से, बल्कि अन्य प्रदेशों से भी लोग छठ व्रत करने और इस पर्व को देखने पहुंचे।
व्रतधारियों की सुविधा के लिए नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल एवं रक्तदाता सेवा समिति द्वारा प्रसाद वितरण की व्यवस्था भी की गई। पूरे नगर में छठ पर्व को लेकर भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है।


