बलरामपुर
कुसमी पुलिस ने बस से हो रहे अवैध परिवहन का किया खुलासा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलरामपुर/राजपुर, 19 मार्च। कुसमी पुलिस ने अवैध नशीले पदार्थों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए कोडीन युक्त प्रतिबंधित कफ सिरप के परिवहन में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 16 मार्च को सूचना मिली थी कि झारखंड की ओर से बस के माध्यम से अवैध रूप से कोडीन युक्त कफ सिरप लाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर जांच शुरू की।
कार्रवाई के दौरान नगर पंचायत कुसमी निवासी आसिफ अंसारी उर्फ बबलू के कब्जे से कफ सिरप बरामद किया गया। वहीं बस चालक आनंद तिर्की निवासी ग्राम झोलांगा जिला जशपुर, के पास से भी उक्त प्रतिबंधित सिरप, संबंधित रसीद तथा बस क्रमांक जेएच-03 एक्यू-3029 को जब्त किया गया।
जांच में स्पष्ट हुआ कि दोनों आरोपी अवैध रूप से प्रतिबंधित सिरप का भंडारण एवं परिवहन कर रहे थे। इस पर थाना कुसमी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर दोनों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस द्वारा मामले की विस्तृत जांच जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।


