बलरामपुर

अश्विनी बने किसान मोर्चा के जिला महामंत्री
12-Mar-2026 11:16 PM
 अश्विनी  बने किसान मोर्चा के जिला महामंत्री

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रामानुजगंज/बलरामपुर, 12 मार्च। भारतीय जनता पार्टी के सक्रिय और संघर्षशील युवा नेता अश्विनी कुमार गुप्ता को पार्टी नेतृत्व ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपते हुए भारतीय जनता किसान मोर्चा का जिला महामंत्री नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति के बाद जिले और क्षेत्रभर में भाजपा कार्यकर्ताओं, युवाओं और किसानों में खुशी का माहौल देखा जा रहा है। कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोडक़र और मिठाइयाँ बांटकर खुशी जताई, वहीं सोशल मीडिया पर भी उन्हें बड़ी संख्या में बधाइयाँ मिल रही हैं।

बताया जाता है कि अश्विनी कुमार गुप्ता क्षेत्र में एक सक्रिय, कर्मठ और जमीनी नेता के रूप में पहचाने जाते हैं। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत छात्र राजनीति से की और लगातार संगठन के लिए काम करते हुए अपनी अलग पहचान बनाई। वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक भी रहे हैं और संघ की विचारधारा से लंबे समय से जुड़े हुए हैं।

उन्होंने वर्ष 2009 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से अपने सामाजिक व राजनीतिक जीवन की शुरुआत की। करीब एक दशक तक संगठन में सक्रिय रहते हुए नगर मंत्री, नगर अध्यक्ष, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, छात्रसंघ चुनाव संयोजक और विभाग संयोजक जैसे कई महत्वपूर्ण दायित्व निभाए। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विभिन्न महाविद्यालयों में छात्रसंघ चुनावों में संगठन को मजबूती दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

इसके बाद उन्होंने भारतीय जनता युवा मोर्चा में भी सक्रिय भूमिका निभाई, जहां संगठन ने उनकी कार्यशैली को देखते हुए उन्हें जिला मीडिया प्रभारी और बाद में जिला महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी। इस दौरान उन्होंने पार्टी के कार्यक्रमों और अभियानों को सफल बनाने के साथ बड़ी संख्या में युवाओं को भाजपा की विचारधारा से जोडऩे का कार्य किया।

भाजपा नेतृत्व द्वारा अब उन्हें किसान मोर्चा का जिला महामंत्री बनाकर किसानों के हितों के लिए कार्य करने की जिम्मेदारी दी गई है। उनकी नियुक्ति से क्षेत्र के किसानों और युवाओं में नई उम्मीद जगी है और संगठन को और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

अपनी नियुक्ति पर अश्विनी कुमार गुप्ता ने पार्टी नेतृत्व और कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि वे संगठन के विश्वास पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे और किसानों, युवाओं तथा आम जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए निरंतर कार्य करते रहेंगे।


अन्य पोस्ट