बलरामपुर

राजपुर में डीएमएफ बेसलाइन सर्वे को लेकर कार्यशाला
11-Mar-2026 9:42 PM
राजपुर में डीएमएफ बेसलाइन सर्वे को लेकर कार्यशाला

86 गांवों में 20 मार्च तक होगा सर्वे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजपुर,11 मार्च। जनपद पंचायत राजपुर में छत्तीसगढ़ जिला खनिज न्यास संस्थान (डीएमएफ) के अंतर्गत बेसलाइन सर्वे के लिए विकासखंड स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन बलरामपुर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार कटारा के निर्देशन और मुख्य कार्यपालन अधिकारी नयनतारा सिंह तोमर के मार्गदर्शन में किया गया।

कार्यशाला में जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर अभिषेक मिश्रा और दिव्य किशोर गुप्ता ने छत्तीसगढ़ जिला खनिज न्यास नियम 2015 के नियम 15 के उपनियम 3 (क) के तहत प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से प्रभावित व्यक्तियों और ग्राम पंचायतों के बेसलाइन सर्वे, पंचवर्षीय एवं वार्षिक कार्य योजना तैयार करने के संबंध में प्रशिक्षण दिया।

मास्टर ट्रेनरों ने बताया कि बेसलाइन सर्वे का मुख्य उद्देश्य डीएमएफ फंड को मनरेगा, एनआरएलएम, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, कृषि तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं के साथ समन्वय स्थापित कर अधिक प्रभावी बनाना है, ताकि योजनाओं की अनावश्यक पुनरावृत्ति को कम किया जा सके।

प्रशिक्षण में बताया गया कि डीएमएफ निधि का कम से कम 70 प्रतिशत हिस्सा पेयजल आपूर्ति, पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण नियंत्रण, स्वास्थ्य देखभाल, शिक्षा, महिला एवं बाल कल्याण, वृद्ध एवं दिव्यांगजन कल्याण, कौशल विकास, आजीविका सृजन, स्वच्छता, आवास, कृषि और पशुपालन जैसे उच्च प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में खर्च किया जाएगा। वहीं शेष 30 प्रतिशत राशि सडक़, पुल-पुलिया, पंचायत भवन, आंगनबाड़ी, उचित मूल्य दुकान, उप स्वास्थ्य केंद्र और सिंचाई संबंधी अधोसंरचना विकास कार्यों में उपयोग की जाएगी।

जनपद पंचायत राजपुर के सभी 86 ग्रामों में बेसलाइन सर्वे 11 मार्च से 20 मार्च 2026 के बीच किया जाएगा। कार्यशाला में पंचवर्षीय और वार्षिक कार्य योजना तैयार करने के लिए प्रतिभागियों को विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया तथा सांकेतिक रूप से योजना तैयार करने का अभ्यास भी कराया गया, जिसमें ग्राम पंचायत नरसिंहपुर के सचिव अशोक गुप्ता और उनके समूह के कार्य की सराहना की गई।

इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी संजय कुमार दुबे ने उपस्थित विभाग प्रमुखों, सरपंचों, सचिवों तथा अधिकारियों-कर्मचारियों से शासन के निर्धारित मानकों का पालन करते हुए निर्धारित समय-सीमा में बेसलाइन सर्वे पूर्ण करने का आग्रह किया।


अन्य पोस्ट