बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर/शंकरगढ़, 10 मार्च। बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ क्षेत्र में पुलिस द्वारा वाहन चेकिंग के नाम पर कथित अवैध वसूली किए जाने के आरोप को लेकर भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के बाद युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष बृजेश यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने शंकरगढ़ के अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि थाना शंकरगढ़ पुलिस द्वारा धारा 185 के तहत शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों, बिना हेलमेट वाहन चालकों और वाहनों के दस्तावेजों की जांच के नाम पर क्षेत्र के लोगों से अवैध रूप से पैसे वसूले जा रहे हैं।
ज्ञापन में कहा गया है कि कई मामलों में नियमों के तहत कार्रवाई करने के बजाय लोगों से पैसे लेकर उन्हें छोड़ दिया जाता है, जिससे क्षेत्र के लोगों को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और जनता में रोष बढ़ रहा है। युवा कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। ज्ञापन की एक प्रति बलरामपुर जिले के पुलिस अधीक्षक को भी भेजी गई है।
इस दौरान पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष सत्यनारायण अग्रवाल, वरिष्ठ कांग्रेस नेता हीरालाल यादव, आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश सचिव संतोष इंजीनियर, धीरजन उरांव, एनएसयूआई के पूर्व जिला अध्यक्ष रुपेश यादव, जिला सचिव लिदु लकड़ा, युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष दीपक बुनकर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।


