बलरामपुर

रामानुजगंज में मधुमक्खियों का हमला, पंचायत सचिव, कांग्रेस नेता सहित 8 से अधिक लोग घायल
08-Mar-2026 9:02 PM
रामानुजगंज में मधुमक्खियों का हमला, पंचायत सचिव, कांग्रेस नेता सहित 8 से अधिक लोग घायल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रामानुजगंज, 8 मार्च। नगर में एक बार फिर मधुमक्खियों के हमले से अफरा-तफरी मच गई। शनिवार शाम करीब 4 बजे अस्पताल के पास अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने कई लोगों पर हमला कर दिया, जिसमें पंचायत सचिव, कांग्रेस नेता सहित 8 से अधिक लोग घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज रामानुजगंज के 100 बिस्तर वाले अस्पताल में चल रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पंचायत सचिव महेंद्र गुप्ता जनपद कार्यालय से अपने घर जा रही थीं। इसी दौरान अस्पताल के समीप मधुमक्खियों के झुंड ने उन पर हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं। वहीं कांग्रेस नेता व्यास मुनि यादव अस्पताल में किसी मरीज से मिलने आए थे, तभी मधुमक्खियों ने उन्हें भी काट लिया।

इस घटना में जनपद के तकनीकी सहायक चैत करण सिंह, कनकपुर निवासी इमामुद्दीन, सहायक सचिव एस.के. प्रजापति सहित 8 से अधिक लोग घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि कुछ महीने पहले भी अस्पताल परिसर के पास मधुमक्खियों के हमले में नगर के एक प्रतिष्ठित व्यापारी की मौत हो गई थी, जबकि कई लोग घायल हुए थे। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार अटल चौक के पास मधुमक्खियों का छत्ता है, जो अक्सर आक्रामक हो जाता है और राहगीरों के लिए खतरा बना हुआ है। लगातार हो रही घटनाओं से नगरवासियों में दहशत का माहौल है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द मधुमक्खियों के छत्ते को हटाकर उचित व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।


अन्य पोस्ट