बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलरामपुर-रामानुजगंज, 8 मार्च। जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे स्थायी वारंटियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। इस अभियान के तहत मात्र 12 घंटे के भीतर कुल 25 वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
यह कार्रवाई वैभव बैंकर (आईपीएस), पुलिस अधीक्षक बलरामपुर के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी के नेतृत्व में की गई। जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों को विशेष टीम बनाकर लंबित स्थायी और गिरफ्तारी वारंटियों की तामिली के निर्देश दिए गए थे।
रविवार 8 मार्च 2026 को सुबह करीब 3 बजे जिलेभर में पुलिस टीमों ने एक साथ अभियान शुरू किया। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दबिश देकर पुलिस ने कई वर्षों से फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार वारंटियों में कुछ आरोपी 8 से 9 वर्षों से फरार चल रहे थे।
अभियान के दौरान अलग-अलग थाना क्षेत्रों से कुल 25 वारंटी पकड़े गए, जिनमें रामानुजगंज थाना-8, कोतवाली बलरामपुर- 5, शंकरगढ़ थाना- 5, कुसमी थाना- 2, पस्ता थाना- 2, रामचंद्रपुर थाना- 1, विजयनगर चौकी- 2, सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार बलरामपुर-रामानुजगंज जिले की सीमाएं झारखंड, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश से लगी हुई हैं, जिससे असामाजिक तत्वों की आवाजाही की संभावना बनी रहती है। इसे देखते हुए पुलिस लगातार एरिया डोमिनेशन, गश्त और सर्चिंग अभियान चला रही है।
अभियान के दौरान पुलिस ने निगरानी बदमाशों, गुंडा सूची के अपराधियों और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों की भी जांच की। साथ ही बैंक, एटीएम, सर्राफा दुकान, लॉज और ढाबों की चेकिंग कर सुरक्षा संबंधी निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि बेवजह घूमने वालों, नशेडिय़ों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


