बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज, 6 मार्च। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के लावा रोड पर गुरुवार शाम पेड़ से कार जा टकराई। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, वहां 5 जख्मी हो गए। बताया जा रहा है कि सभी युवक नजदीकी गांव में होली खेलने गए थे और वापस अपने गांव लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
रामचंद्रपुर विकासखंड के ग्राम चाकी के ग्रामीण होली खेलकर पड़ोसी गांव लावा से वापस लौट रहे थे, तभी लावा रोड पर गुरुवार शाम करीब 4 बजे एक सडक़ हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर साल के पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार मालिक प्रेम यादव की सीने और सिर में गंभीर चोट लगने से मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में कार में सवार गणेश यादव (40 वर्ष), इंद्र यादव (35 वर्ष), चंद्रिका यादव (22 वर्ष) और पुष्पराज यादव उर्फ लाल बाबू (30 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायल ग्राम चाकी के निवासी बताए जा रहे हैं। घायलों में तीन आपस में चचेरे भाई हैं।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को 100 बिस्तर अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर सभी को बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही 100 बिस्तर अस्पताल में जिला पंचायत के पूर्व सभापति राजेश यादव, किसान कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री जसवंत सिंह, जिला कांग्रेस कमेटी के सचिव व्यास मुनि यादव समेत अन्य लोग पहुंचे।
मृतक प्रेम यादव ग्राम चाकी का ही निवासी था। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। होली की खुशियां मातम में बदल गई हैं।


