बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर, 9 फरवरी। नगर में राष्ट्रीय राजमार्ग 343 के तहत किए जा रहे नाली निर्माण का कार्य विवादों के चलते अधर में लटका हुआ है। एक ओर नगरवासी जल्द से जल्द नाली और सडक़ निर्माण की मांग कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कुछ स्थानीय नेताओं द्वारा नाली की ऊंचाई को लेकर विरोध किए जाने से निर्माण कार्य बाधित हो गया है। ऐसे में एनएच के अधिकारी और ठेकेदार भी असमंजस की स्थिति में हैं कि कार्य जारी रखा जाए या बंद किया जाए।
राष्ट्रीय राजमार्ग 343 की खराब स्थिति किसी से छिपी नहीं है। सडक़ पर गड्ढों और उड़ती धूल से आमजन काफी परेशान हैं। सडक़ निर्माण की प्रक्रिया में नगर में नाली निर्माण का कार्य शुरू किया गया, लेकिन शुरुआत के साथ ही इसकी ऊंचाई को लेकर विरोध शुरू हो गया। कुछ स्थानीय लोगों ने सांसद और विधायक के समक्ष नाली की ऊंचाई कम करने की मांग रखी, जिससे निर्माण कार्य प्रभावित हुआ।
नगर के मध्य में रहने वाले पार्षद राजन त्रिपाठी ने नाली निर्माण का समर्थन करते हुए कार्य जल्द पूरा कराने की बात कही है। उन्होंने निर्माण से पहले ही अपने घर के सामने स्वयं जगह खाली कर सहयोग किया है। इसके बावजूद कुछ स्थानीय लोगों के विरोध के कारण कार्य रोक दिया गया है।
राजपुर में एनएच-343 पर उड़ती धूल और निर्माण कार्य रुकने से लोगों में आक्रोश बढ़ गया है। सामरी विधायक उद्धेश्वरी पैकरा के गुजरने के दौरान स्थानीय लोगों ने उनका रास्ता रोककर अपनी समस्या बताई और तत्काल कार्य शुरू कराने की मांग की। लोगों का कहना है कि नाली निर्माण रुकने से घरों से निकलना मुश्किल हो गया है और दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है।
बताया जा रहा है कि नगर के बीचोबीच करीब 200 से 300 मीटर नाली का निर्माण कार्य पूरा किया जा चुका है, लेकिन विरोध के चलते शेष कार्य बंद कर दिया गया है।
विधायक ने लोगों की बात सुनने के बाद अधिकारियों से फोन पर चर्चा की और मीडिया से कहा कि काम पूरी तरह बंद नहीं हुआ है, बल्कि अन्य हिस्सों में कार्य जारी है। फिलहाल नगर के मध्य भाग में नाली निर्माण कार्य बंद है।


