बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज, 2 फरवरी। रामानुजगंज विकासखंड के ग्राम नेहरू नगर में नल-जल योजना के अंतर्गत बनी पानी टंकी की चाबी को लेकर हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। घटना में एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के सात लोगों पर लाठी-डंडा और टांगी से हमला किया, जिससे सभी घायल हो गए। घायलों का उपचार रामानुजगंज के 100 बिस्तर अस्पताल में जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नल-जल योजना की पानी टंकी की चाबी सरपंच-सचिव के निर्देश पर अरुण बछाड़ के घर में रखी गई थी, ताकि नियमित रूप से पानी की आपूर्ति की जा सके।
रविवार को कमल वैध पानी टंकी की चाबी लेने अरुण बछाड़ के घर पहुंचे थे, लेकिन अरुण ने सरपंच-सचिव से बात करने के बाद ही चाबी देने की बात कही। इसी बात को लेकर सोमवार सुबह दोबारा विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया।
आरोप है कि कमल वैध के पुत्र अभिषेक और राजू ने पहले अरुण की पत्नी आशा के साथ मारपीट की, जिसके बाद लाठी-डंडा और टांगी से घर के अन्य सदस्यों पर हमला कर दिया गया।
घटना में आशा (35), अरुण (40), मैना (30), भागीरथ (35), राजीव (22), अमित (23) और विश्वजीत (19) घायल हो गए। सभी को रामानुजगंज अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना रामानुजगंज थाना में दी गई है।
थाना प्रभारी अजय साहू ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जांच पूर्ण होने के बाद दोषियों के विरुद्ध उचित वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


