बलरामपुर

सीएएफ जवान की हत्या का खुलासा, पत्नी और प्रेमी ने रची थी साजिश
04-Feb-2026 11:20 PM
सीएएफ जवान की हत्या का खुलासा, पत्नी और प्रेमी ने रची थी साजिश

सेंदुर नदी में रेत में दबी मिली थी लाश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलरामपुर/राजपुर, 4 फरवरी। जिले के बलरामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सेंदुर नदी में रेत में दबे अज्ञात शव की बरामदगी के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (सीएएफ)में पदस्थ प्रधान आरक्षक की हत्या उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पूरी योजना के तहत कराई थी। इस जघन्य हत्याकांड में शामिल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार 29 जनवरी  को ग्राम सतिसेमर के पास सेंदुर नदी किनारे रेत में दबा हुआ एक अज्ञात शव बरामद किया गया था। शव की पहचान बाद में विश्वनाथ केरकेट्टा (51 वर्ष) निवासी ग्राम सलिया पारा, थाना लैलूंगा, जिला रायगढ़ के रूप में हुई, जो वर्तमान में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल में प्रधान आरक्षक के पद पर दंतेवाड़ा में पदस्थ था।

शव अत्यंत सड़ी-गली अवस्था में होने के कारण तत्काल पहचान संभव नहीं हो सकी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोट के कारण हत्या होना पाया गया। इसके बाद थाना बलरामपुर में धारा 103(1), 238 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।

दूसरी शादी और अवैध संबंध बने हत्या का कारण

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक विश्वनाथ केरकेट्टा ने बलरामपुर में पदस्थापना के दौरान ग्राम सवनी चौकी क्षेत्र की युवती क्लॉस्टिका केरकेट्टा से दूसरी शादी की थी। दोनों के दो बच्चे हैं। बच्चों की पढ़ाई के लिए वर्ष 2024 में मृतक ने अपनी पत्नी को रायपुर में किराए के मकान में शिफ्ट किया था।

इसी दौरान वर्ष 2023 में क्लॉस्टिका की फेसबुक के माध्यम से विवेक टोप्पो बेलकुंदरी, थाना चलगली, जिला बलरामपुर से जान-पहचान हुई, जो प्रेम संबंध में बदल गई। दोनों ने चोरी-छिपे तातापानी मंदिर में शादी भी कर ली थी। विवेक टोप्पो स्वयं भी विवाहित था, जिससे विवाद की स्थिति बनी रहती थी।

पूरी प्लानिंग के साथ हत्या

पुलिस जांच में सामने आया कि क्लॉस्टिका और विवेक टोप्पो एक-दूसरे के साथ रहने के लिए विश्वनाथ को रास्ते से हटाना चाहते थे। इसके लिए सुनियोजित साजिश रची गई। मृतक 12 जनवरी को दंतेवाड़ा से छुट्टी लेकर 14 जनवरी को बलरामपुर के ग्राम सतिसेमर अपने घर पहुंचा।

उसी दिन शाम करीब 7 बजे विवेक टोप्पो ने मृतक को मोबाइल संदेश भेजकर सेंदुर नदी किनारे बुलाया। जैसे ही मृतक मौके पर पहुंचा, आरोपी ने अपने पास रखी लोहे की खुरपी से सिर पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को नदी के दूसरे किनारे ले जाकर रेत में गड्ढा खोदकर दबा दिया।

हत्या के बाद आरोपी मृतक का मोबाइल, बैग, बैंक पासबुक, आधार कार्ड, पैन कार्ड व अन्य सामान लेकर फरार हो गया, ताकि मृतक की पहचान न हो सके। घटना के समय मृतक की पत्नी क्लॉस्टिका रायपुर में थी, जो बाद में 22 जनवरी को गांव पहुंचकर पड़ोसियों के सामने पति की तलाश का नाटक करती रही।

दोनों आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजे गए

विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने विवेक टोप्पो बेलकुंदरी, थाना चलगली एवं क्लॉस्टिका केरकेट्टा सतिसेमर, थाना बलरामपुर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।


अन्य पोस्ट