बलरामपुर

बुजुर्ग किसान से ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार, बाइक भी जब्त
08-Feb-2026 8:17 PM
बुजुर्ग किसान से ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार, बाइक भी जब्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजपुर, 8 फरवरी। सहकारी बैंक से धान बिक्री का भुगतान निकालकर घर लौट रहे बुजुर्ग किसान से दिनदहाड़े 49 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। मामले में राजपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से नगद राशि व घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 2 फरवरी की है। ग्राम डांड खड़ुआ निवासी निबल साय अपने बेटे के साथ राजपुर सहकारी बैंक में धान बिक्री का पैसा निकालने आए थे। बैंक में ड्रॉवल फॉर्म भरने के बाद उनका बेटा अन्य काम से चला गया, जबकि निबल साय को बैंक से 49,000 रुपये नकद प्राप्त हुए। बेटे के देर से आने पर वे पैदल अपने गांव की ओर निकल पड़े।

इसी दौरान रास्ते में मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात युवक उनसे मिले और तंबाकू मांगने लगे। बातचीत के दौरान उन्होंने उनके बेटे का नाम पूछकर खुद को परिचित बताते हुए घर छोडऩे का झांसा दिया। भरोसा कर निबल साय ने तौलिये में बांधकर रखे 49,000 रुपये उन्हें सौंप दिए। कुछ दूरी आगे जाकर आरोपी दुकान से सामान खरीदने का बहाना बनाकर फरार हो गए।

घटना के बाद पीडि़त पहले गांव चला गया और देर शाम अपने बेटे के साथ थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस अधीक्षक बलरामपुर के निर्देश पर राजपुर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान की और धरपकड़ की कार्रवाई शुरू की।

पुलिस ने ग्राम तुंगा थाना लखनपुर निवासी जेल कुमार को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 20,000 रुपये बरामद किए। इसके बाद फरार मुख्य आरोपी राम सिंह को भी गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से 18,000 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (क्रमांक सीजी 15 ईडी 5697) जब्त की गई।

पूछताछ में आरोपियों ने घटना स्वीकार करते हुए बताया कि वे आसपास क्षेत्र में इस तरह की ठगी की घटनाएं करते रहे हैं। कुल ठगी की राशि 49,000 रुपये में से 38,000 रुपये बरामद किए गए हैं, शेष राशि खर्च कर देने की बात आरोपियों ने कबूल की है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


अन्य पोस्ट