बलरामपुर

रामानुजगंज शिविर में 77 नए विद्युत कनेक्शन जारी
17-Dec-2025 10:28 PM
रामानुजगंज शिविर में 77 नए विद्युत कनेक्शन जारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रामानुजगंज, 17 दिसंबर। रामानुजगंज विद्युत वितरण केंद्र में उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान एवं विद्युत सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में नए विद्युत कनेक्शन जारी करने, बिजली बिल में सुधार, पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के प्रचार-प्रसार तथा बकायादार उपभोक्ताओं से वसूली एवं विद्युत कनेक्शन विच्छेदन की कार्रवाई की गई।

शिविर के दौरान कुल 77 नए विद्युत कनेक्शन जारी किए गए। इसके साथ ही 17 त्रुटिपूर्ण विद्युत देयकों में सुधार कर पुनरक्षित बिल उपभोक्ताओं को प्रदान किए गए। पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत उपभोक्ताओं को अपने घरों की छत पर सौर संयंत्र स्थापित करने के लिए प्रेरित किया गया तथा योजना की विस्तृत जानकारी दी गई।

विभाग द्वारा बकायादार उपभोक्ताओं पर भी सख्त कार्रवाई की गई। इस दौरान 748 उपभोक्ताओं से कुल 13.40 लाख रुपये की वसूली की गई, वहीं 48 उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शन बकाया राशि के कारण विच्छेदित किए गए।

उल्लेखनीय है कि यह शिविर नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल की मांग पर आयोजित किया गया था। शिविर में नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल के साथ पार्षद अर्जुन दास, पार्षद सुमित गुप्ता, पार्षद अशोक जायसवाल सहित बड़ी संख्या में उपभोक्ता उपस्थित रहे।

शिविर में कार्यपालन अभियंता बलरामपुर प्रकाश कुमार अग्रवाल के साथ सहायक अभियंता, कनिष्ठ अभियंता एवं विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे और उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान किया गया। इस शिविर से उपभोक्ताओं को विद्युत सेवाओं से संबंधित अनेक सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकीं।


अन्य पोस्ट