बलरामपुर

महिला की हत्या, प्रेमी और मां गिरफ्तार
11-Dec-2025 8:48 PM
महिला की हत्या, प्रेमी और मां गिरफ्तार

रामचंद्रपुर,11 दिसंबर। थाना रामचंद्रपुर पुलिस ने ग्राम सिलाजू के चना-महुआ जंगल में मिली अज्ञात महिला की हत्या का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ निकला।

8 दिसंबर को मृतिका के भाई ने थाना सनावल में गुम इंसान की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया था कि उसकी बहन रात से बिना बताए घर से निकल गई है। सनावल पुलिस द्वारा लगातार तलाश की जा रही थी कि इसी दौरान 09 दिसंबर को ग्राम सिलाजू के जंगल में एक अज्ञात महिला का शव मिला। जांच के दौरान शव की पहचान सनावल के गुम इंसान के रूप में हुई।

चूंकि घटना स्थल थाना रामचंद्रपुर क्षेत्र में था, इसलिए सूचना पर थाना रामचंद्रपुर द्वारा  मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

जांच के दौरान मृतिका के प्रेमी रविन्द्र कुमार गोंड निवासी ग्राम शिलाजू पर संदेह होने पर उसे अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। कड़ाई से पूछताछ में आरोपी रविन्द्र ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि उसका मृतिका से प्रेम संबंध था और मृतिका उस पर शादी का दबाव बना रही थी। इसी बात से नाराज होकर उसने अपनी मां हेमन्ती के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई।

आरोपी ने बताया कि वह मृतिका को बहाने से गांव से अपने साथ ले गया और जंगल में ले जाकर गमछे से उसका गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात में उसकी मां हेमन्ती भी साथ थी।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को 11 दिसंबर को  गिरफ्तार कर  न्यायालय में पेश कर दिया है।


अन्य पोस्ट