बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर, 8 दिसंबर। नगर वासियों ने खराब राष्ट्रीय राजमार्ग क्र.-343 सडक़ एवं विभागीय उदासीनता के विरोध में धरना-प्रदर्शन एवं चक्का जाम करने हेतु बलरामपुर कलेक्टर के नाम राजपुर अनुविभागीय अधिकारी को ज्ञापन सौंपा है।
नगरवासियों द्वारा दिये गए ज्ञापन में कहा है कि एनएच 343 अम्बिकापुर से रामानुजगंज सडक़ की स्थिति काफी जर्जर है जिसके नव निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूर्ण होने एवं सडक़ मार्ग पर पडऩे वाले पेड़ों के कटाई सहित अन्य जरूरी महत्वपूर्ण कार्य पूर्ण होने के बाद भी राजपुर शहर सहित अन्य जगहों पर सडक़ें अत्यंत जर्जर अवस्था में हैं। सडक़ पर उडऩे वाली धूल के गुब्बारों से राहगीरों सहित शहर वासियों का रहना दूभर हो गया है।
गड्डों एवं टूट-फूट के कारण आए दिन दुर्घटनाएँ घटित हो रही हैं। कई बार विभागीय अधिकारियों को लिखित एवं मौखिक रूप से अवगत कराया गया किंतु अब तक कोई ठोस कार्यवाही या उचित पहल नहीं की गई। इसलिए जनहित एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हम स्थानीय नागरिक इस विभागीय उदासीनता के विरोध में 11 दिसंबर गुरुवार को नवकी मोड़ राजपुर में दोपहर 12 बजे से धरना-प्रदर्शन करते हुए चक्काजाम करने हेतु बाध्य हैं।
ज्ञापन सौंपने के दौरान राजन त्रिपाठी, नीरज तिवारी, विकाश बंसल, नरेश अग्रवाल, सुरेश सोनी, राजेश बंसल, कौशल चौबे, पिंटू अग्रवाल, सोनू यादव, जितेंद्र सोनी, संजय यादव, सुरेश यादव, राहुल बंसल, विश्वनाथ यादव, पंकज ठाकुर, विनोद जायसवाल, प्रिंस, सोनू सहित अन्य नागरिक उपस्थित थे।


