बलरामपुर

धूमधाम से मना डॉ. रमन सिंह का जन्मदिन, बुजुर्गों का सम्मान
15-Oct-2025 10:53 PM
धूमधाम से मना डॉ. रमन सिंह का जन्मदिन, बुजुर्गों का सम्मान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रामानुजगंज, 15 अक्टूबर। रामानुजगंज के ग्राम आरागाही में छत्तीसगढ़  के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह का जन्मदिन बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। इस भव्य आयोजन का नेतृत्व जिला पंचायत के पूर्व सभापति  राजेश यादव ने किया। जन्मदिन के अवसर पर ग्रामीणों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भारी उपस्थिति रही, जिससे कार्यक्रम को एक उत्सव का रूप मिल गया। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया था जिसमें स्थानीय लोक कलाकारों के द्वारा अपनी प्रस्तुतियां दी गई।

कार्यक्रम की शुरुआत पूजा-अर्चना और हवन से की गई, जिसके पश्चात डॉ. रमन सिंह का वर्चुअल संबोधन प्रसारित किया गया। उन्होंने जन्मदिन के अवसर पर शुभकामनाएं देने के लिए सभी जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और ग्रामवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी को शुभकामनाएं दीं और जनसेवा में लगातार सक्रिय रहने का संकल्प दोहराया।

इस मौके पर सैकड़ों बुजुर्ग महिला एवं पुरुषों को वस्त्र और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। यह दृश्य सभी के लिए अत्यंत भावुक और प्रेरणादायक रहा। सम्मान पाकर बुजुर्गों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने आयोजकों को आशीर्वाद दिया।

जन्मदिन की खुशी में जोरदार आतिशबाजी की गई, जिससे पूरा ग्राम उत्सवमय हो उठा। इसके बाद विशाल केक काटा गया, जिसमें सैकड़ों ग्रामीणों ने भाग लिया। इस आयोजन को एक सामाजिक एकता और जनसेवा के प्रतीक के रूप में देखा गया।

राजेश यादव ने कहा कि डॉ. रमन सिंह का जीवन आम जनता के लिए समर्पित रहा है और हम सभी उनके दीर्घायु और स्वास्थ्य की कामना करते हैं।

 कार्यक्रम में अनेक सामाजिक कार्यकर्ता, पंचायत प्रतिनिधि, युवा वर्ग और महिलाएं भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं।


अन्य पोस्ट