बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर, 29 सितंबर। नगर से गुजरे राष्ट्रीय राजमार्ग में बने बड़े बड़े गड्ढे व धूल से परेशान नगरवासियों ने सडक़ मरम्मत को लेकर राजपुर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा है। नगरवासियों ने सुधार कार्य नहीं होने पर चक्काजाम सहित उग्र आंदोलन की चेतावनी भी दी है।
राष्ट्रीय राजमार्ग 343 की जर्जर सडक़ों के कारण नगरवासियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा।खराब सडक़ो के कारण रोजमर्रा के कामों में भी बड़ी समस्या उत्पन्न हो रही है वहीँ सडक़ पर उड़ रहे धूल के कारण लोगों के दुकानों के समान खराब होने के साथ साथ उनके स्वास्थ्य पर भी असर पड़ रहा है।इन्हीं सब समस्याओं को लेकर अब नगरवासी उग्र आंदोलन के मूड में नजर आ रहे हैं।
नगर के नागरिकों ने एसडीएम राजपुर को ज्ञापन सौंपते हुए अवगत कराया हैं कि एन.एच. 343 मेन रोड राजपुर शहर से होकर गुजरती है, किंतु उक्त रोड में विभिन्न स्थानों पर बड़े-बड़े जानलेवा गड्ढे एवं धसाव हो जाने से आये दिन दुर्घटनाएँ हो रही है। बरसात होने के कारण उक्त गड्ढों में पानी भर जाने से स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जिससे आम जनता, स्कूली बच्चे, व्यापारी तथा वाहन चालक सभी परेशानी का सामना कर रहे हैं। इस जर्जर सडक़ के कारण आये दिन जनहानि एवं धन हानि हो रही है एवं क्षेत्र के व्यापार पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
साथ ही साथ पूरे शहर की सडक़ों में होने वाली धूल से हो रही परेशानियों से आम जनता त्रस्त है एवं अन्य नयी-नयी एलर्जी, खांसी जैसी बिमारियों हो रही हैं। ज्ञापन के माध्यम से नागरिकों ने मांग किया हैं कि दिनांक 05 अक्टूबर 2025 तक रोड रिपेयरिंग एवं सेटिंग कोट (डामरीकरण) का कार्य पूर्ण कर उपरोक्त समस्या का निवारण करें। अन्यथा 6 अक्टूबर 2025 से एन.एच. 343 मेन रोड राजपुर में अनिश्चितकालीन चक्का जाम एवं धरना प्रदर्शन नगरवासियों द्वारा किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग अथवा प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रभात रंजन त्रिपाठी,भीमराज बंसल,मामन चंद गर्ग,राजेश बंसल, विशवास गुप्ता,विकास बंसल,रवि सोनी,सीटू अग्रवाल,संजीव गुप्ता,विनोद जायसवाल व दर्जनों नागरिकगण उपस्थित थे।
वहीं नगरिकों ने ज्ञापन की प्रति केंद्रीय सडक़ परिवहन मंत्री भारत सरकार,कलेक्टर बलरामपुर कार्यपालन,अभियंता राष्ट्रीय राज्य मार्ग,मुख्य नगर पालिका अधिकारी एवं थाना प्रभारी राजपुर को प्रेषित किया हैं।


