बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर, 26 सितंबर। जिले के पस्ता में गौ तस्करों से 22 मवेशियों को बचाया गया, सभी मवेशियों को बलरामपुर के बासेन स्थित रक्षा गौ सेवा आश्रम पहुंचाया गया।
बीती रात भी तस्करों ने नया तरीका अपनाते हुए 22 मवेशियों को छत्तीसगढ़ से झारखंड के बूचडख़ाने ले जाने का काम कर रहे थे जिसे तत्परता से पकड़ा गया। घटना 25 सितंबर की रात लगभग 10 बजे की है। जब सामरी विधायक उद्भेश्वरी पैकरा अपने बलरामपुर जिले के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद देर रात बलरामपुर से अंबिकापुर की ओर लौट रही थी, तभी रास्ते में पस्ता थाना के समीप रास्ते में कुछ लोगों को लगभग 22 मवेशियों को लेकर जाते देखा।
उन्होंने जब मवेशियों को ले जा रहे लोगों से पूछा तो उन्होंने बताया कि वे मवेशियों को रामानुजगंज लेकर जा रहे हैं। परंतु शंका होने पर सामरी विधायक उद्धेशरी पैकरा ने पस्ता पुलिस को इस संबंध में कार्रवाई करने के निर्देश दिए एवँ रक्षा गौ सेवा आश्रम के संचालक को उक्त मवेशियों को गौ सेवा आश्रम में ले जाने के निर्देश दिए।
सामरी विधायक श्रीमती पैकरा के निर्देश पर तत्काल पुलिस प्रशासन एवं रक्षा गौ सेवा आश्रम के रेस्क्यू वाहन एवँ उनकी टीम मौके पर पहुंची और 22 मवेशियों को तस्करी से बचाते हुए सभी मवेशियों को रक्षा गौ सेवा आश्रम लाकर शिफ्ट किया गया।
इस मामले में पस्ता पुलिस ने चार लोग नंदू कुमार, रामप्रसाद,छोटू राम तीनों निवासी कनकपुर एवँ बुधेश्वर सिंह लूरगी थाना रामानुजगंज के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।


