बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलरामपुर,10 फरवरी। कोरवा बालक आश्रम भेलवाडीह स्थित बालक छात्रावास में प्रशासनिक फैसले के विरोध में शुक्रवार को छात्र सडक़ों पर उतर आए। छात्रावास अधीक्षक उमा सोनवानी को हटाए जाने से नाराज छात्रों ने कलेक्टर से मुलाकात की मांग को लेकर लगभग 4 किलोमीटर का पैदल मार्च शुरू कर दिया।
छात्रों के आश्रम से निकलने की सूचना मिलते ही ट्राइबल विभाग में हडक़ंप मच गया। मौके पर पुलिस, ट्राइबल विभाग की एसी समीक्षा जयसवाल, तहसीलदार सुनील गुप्ता एवं मंडल संयोजक पहुंचे और छात्रों को समझाने का प्रयास किया।
इस दौरान छात्रों ने प्राचार्य सुफला टोप्पो पर गंभीर आरोप लगाए। छात्रों का कहना है कि उनसे टॉयलेट और बाथरूम की सफाई कराई जाती है, समय पर और गुणवत्तापूर्ण भोजन नहीं मिलता तथा उनके साथ दुव्र्यवहार किया जाता है।
छात्रों ने बताया -हमें कलेक्टर से सीधे मिलना है और हमारे साथ हो रहे अन्याय को लेकर अवगत कराना है
काफी समझाइश के बाद छात्र वापस छात्रावास लौटने के लिए राजी हो गए।
अधिकारियों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया और बच्चों को भविष्य में किसी भी प्रकार की परेशानी न होने देने की बात कही।
फिलहाल सभी छात्र सुरक्षित रूप से छात्रावास भेज दिए गए हैं। विभागीय अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच प्रक्रिया शुरू करने की जानकारी दी है।।


