बलरामपुर

सडक़ निर्माण के दौरान ग्रेडर की चपेट में मासूम की मौत, दादा गंभीर, चालक फरार
08-Sep-2025 9:47 PM
सडक़ निर्माण के दौरान ग्रेडर की चपेट में मासूम की मौत, दादा गंभीर, चालक फरार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रामानुजगंज, 8 सितंबर। रामानुजगंज के रामचंद्रपुर विकासखंड के ग्राम सनवाल से लगे त्रिशूली मार्ग पर सडक़ निर्माण के दौरान दुर्घटना में एक 3 वर्षीय मासूम की मौत हो गई, जबकि उसका दादा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से त्रिशूली ग्राम में शोक की लहर फैल गई है, और परिजन बुरी तरह टूट गए हैं। ज्ञात हो कि लोक निर्माण विभाग द्वारा ठेकेदार के माध्यम से सडक़ निर्माण किया जा रहा था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम त्रिशूली निवासी नंदलाल गुप्ता  अपनी मां लालो देवी (65 वर्ष) और 3 वर्षीय पोते आकर्ष के साथ उत्तरप्रदेश के घघरा से वापस अपने घर आ रहे थे। घर से लगभग 1 किलोमीटर पहले, गंगा पंडो के पास सडक़ निर्माण स्थल पर वह रुके। उस समय वहां एक ग्रेडर मशीन चल रही थी।

नंदलाल ने अपनी बाइक वहीं रोक दी और ग्रेडर के किनारे होने का इंतजार करने लगे। तभी, ग्रेडर चालक राजेश जायसवाल की लापरवाही के कारण मशीन अचानक पीछे हटी।

आसपास खड़े लोग जैसे इब्राहिम और पोकलेन चालक ने चालक को आवाज देकर रोका, लेकिन ग्रेडर चालक ने आवाज़ अनसुनी करते हुए पीछे की ओर चलना जारी रखा। इस दौरान ग्रेडर की चपेट में नंदलाल और उसके पोते आकर्ष आ गए।

दुर्घटना के बाद वहां उपस्थित महेंद्र साव और इब्राहिम ने तुरंत मदद के लिए दौड़ लगाई और दोनों को ग्रेडर के नीचे से निकाला। गंभीर रूप से घायल बच्चे की कुछ देर बाद ही मौत हो गई। वहीं, नंदलाल गुप्ता के पैर में गंभीर चोट आई, जिसे तत्काल सनवाल अस्पताल ले जाया गया।

सनवाल थाना प्रभारी गजपति मिर्रे ने बताया कि ग्रेडर मशीन चालक राजेश जायसवाल के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 106 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी को पकडऩे के प्रयास में लगी हुई है, लेकिन वह अभी तक फरार है।


अन्य पोस्ट