बलरामपुर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर, 2 जुलाई। बलरामपुर जिले के राजपुर जनपद कार्यालय में मंगलवार को नए मुख्य कार्यपालन अधिकारी संजय कुमार दुबे ने पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने के साथ ही मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने जनपद कार्यालय में पदस्थ कर्मचारियों से आवश्यक चर्चा की।
18 जून को आदिम जाति विकास विभाग मंत्रालय महानदी भवन रायपुर से मुख्य कार्यपालन अधिकारियों का स्थानांतरण आदेश जारी हुआ था। इस तारतम्य में राजपुर जनपद पंचायत कार्यालय में पदस्थ तत्कालीन मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनिल कुमार तिवारी का स्थानांतरण राजपुर से जिला जशपुर के फरसाबहार जनपद पंचायत में किया गया एवं शंकरगढ़ जनपद पंचायत कार्यालय में पदस्थ मुख्य कार्यपालन अधिकारी संजय कुमार दुबे का स्थानांतरण जनपद पंचायत राजपुर में किया गया था।
स्थानांतरण आदेश के बाद 1 जुलाई को बलरामपुर कलेक्टर ने संजय कुमार दुबे को तत्काल प्रभाव से पदभार ग्रहण हेतु आदेश जारी किया था। जिसके उपरांत मुख्य कार्यपालन अधिकारी संजय कुमार दुबे ने मंगलवार को राजपुर जनपद पंचायत में अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया है।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री दुबे ने अपने पदभार ग्रहण करने के साथ ही जनपद पंचायत कार्यालय में पदस्थ सभी कर्मचारियों से जनपद क्षेत्र में चल रहे कार्यों के बारे में आवश्यक जानकारी ली एवं सभी को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
नव पदस्थ मुख्य कार्यपालन अधिकारी संजय कुमार दुबे 2024 में भी चार माह के लिए जनपद पंचायत राजपुर में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।