बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर, 29 जून। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की सचिव एवं छत्तीसगढ़ कांग्रेस संगठन की प्रदेश सह प्रभारी जरिता लैतफलांग ने आज पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि 7 जुलाई को राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े छत्तीसगढ़ प्रवास पर रहेंगे, जहां वह किसान-जवान संविधान महासभा में भाग लेंगे और छत्तीसगढ़ के आम जनों के साथ अपनी बात रखेंगे। इस अवसर पर अधिक से अधिक लोग कार्यक्रम में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें और कार्यकर्ता शामिल हों ।
पत्रकारों से चर्चा करते हुए आज राजपुर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कार्यालय राजपुर में जरिता ने कहा कि छत्तीसगढ़ के लोगों के साथ डबल इंजन की सरकार दोहरा व्यवहार कर रही है और इन परिस्थितियों में सरकार के रवैया का विरोध करना आवश्यक हो गया है। छत्तीसगढ़ में महिलाएं बच्चे बच्चियों अपराध का शिकार हो रही हैं। छत्तीसगढ़ महतारी की बेटियां जिस तरह से आए दिन अपराधों का शिकार हो रहे हैं, घटनाएं आम हो गई हैं हर 3 मिनट में इज्जत तार-तार हो रहा है महिलाओं और बच्चों के साथ खिलवाड़ जो हो रहा है, उस पर सरकार ध्यान नहीं दे रही है।
जिला अध्यक्ष के. पी. सिंहदेव ने कहा कि भेस्की पहाड़ी कोरवा परिवार के साथ जो घटना हुई है उसके तार भी भाजपा के साथ जुड़े हुए हैं। अपराध पर सरकार लगाम नहीं लग पा रही है। अपराधियों को गिरफ्तार नहीं कर पा रही है। अपराधियों के घरों में भारतीय जनता पार्टी के झंडा लहरा रहे हैं जो गठजोड़ की ओर इशारा करते हैं।
इसके अलावा उन्होंने रामानुजगंज अंबिकापुर सडक़ की दुर्दशा के बारे में कहा कि अगर सडक़ का सुधार नहीं हुआ तो आवागमन बंद हो जाएगा और हम मजबूर होकर सडक़ पर बैठेंगे सडक़ को सुधारने के लिए। जो रकम आवंटित की गई थी, परंतु अब तक सडक़ का कोई विशेष सुधार नहीं हुआ है। किसानों को खाद बीज भी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। खाद में मिलावट है खाद पत्थर निकल रहे हैं घटिया खाद का विक्रय समितियों के माध्यम से भी हो रहा है।
पत्रकार वार्ता के दौरान पूर्व विधायक डॉ. प्रीतम राम, अजय तिर्की,पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र तिवारी, जिला प्रवक्ता सुनील सिंह,विजय पैकरा,जिला महामंत्री जितेंद्र गुप्ता,अशोक सिंह राजू, जिला वनोपज संघ के अध्यक्ष लालसाय मिंज सत्येंद्र अग्रवाल हीरालाल यादव,अरुण गुप्ता, युवा कांग्रेस के अध्यक्ष बृजेश यादव, पूरन जायसवाल, संतोष यादव, अर्जुन यादव, विवेक सिंहदेव, विष्णु सिंहदेव, विकास गुप्ता,हंसनाथ,नीरज तिवारी, देवबली टेकाम, प्रेम रजक,आदित्य विभु, एवं अन्य कांग्रेस जन मौजूद थे।


