बलरामपुर

संकल्प से सिद्धि कार्यशाला
15-Jun-2025 10:07 PM
संकल्प से सिद्धि कार्यशाला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रामानुजगंज, 15 जून। भारतीय जनता पार्टी मंडल रामानुजगंज द्वारा ‘संकल्प से सिद्धि’ अभियान के अंतर्गत मंडल स्तरीय कार्यशाला का आयोजन आज बड़े ही उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों की विशेष उपस्थिति रही।

कार्यशाला की शुरुआत भारत माता, पं. दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर देशभक्ति और सेवा भावना से ओतप्रोत वातावरण निर्मित हुआ।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा किसान मोर्चा के जिला महामंत्री  भानु दीक्षित ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 11 वर्षों के कार्यकाल में हुई ऐतिहासिक उपलब्धियों को कार्यकर्ताओं के समक्ष स्पष्ट रूप से प्रस्तुत किया। उन्होंने योजनाओं जैसे - उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान सम्मान निधि- पर चर्चा करते हुए कार्यकर्ताओं से ही उनके अनुभव साझा करवाए।

भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला महामंत्री शैलेश गुप्ता ने स्वागत भाषण में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने हर क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। उन्होंने कहा कि भारत आज आर्थिक, सैन्य और सांस्कृतिक रूप से विश्व की अग्रणी शक्तियों में शामिल हो चुका है।

कार्यक्रम का मंच संचालन भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला महामंत्री  अश्वनी गुप्ता ने अत्यंत कुशलता से किया। उनकी सटीक प्रस्तुति और अनुशासित संचालन ने कार्यक्रम की गरिमा को और भी बढ़ाया।

इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता  कन्हैयालाल अग्रवाल और पूर्व मंडल अध्यक्ष शर्मिला गुप्ता ने अपने वक्तव्य में ‘संकल्प से सिद्धि’ अभियान के महत्व और इसके सफल क्रियान्वयन के लिए कार्यकर्ताओं को प्रेरित किया।

कार्यशाला में यह संकल्प लिया गया कि ‘संकल्प से सिद्धि’ अभियान को प्रत्येक शक्ति केंद्र पर प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा। इसके लिए विस्तृत कार्ययोजना बनाई गई है, जिसमें घर-घर संपर्क, लाभार्थियों से संवाद और जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

कार्यशाला में जोश, अनुशासन और रणनीति का समन्वय देखने को मिला। यह आयोजन भाजपा कार्यकर्ताओं में नए उत्साह का संचार करेगा और अभियान को नई दिशा देगा।


अन्य पोस्ट