बलरामपुर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलरामपुर,1 जून। बलरामपुर जिला के कोरंधा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम महुआटोली में पति-पत्नी ने चाकू से हमला कर एक ग्रामीण की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।
बताया जा रहा है कि मृतक महिला का पूर्व प्रेमी था, जो उसे बार-बार मिलने के लिए परेशान कर रहा था। महिला ने अपने पति के साथ मिलकर उसकी हत्या करने की योजना बनाई और चाकू से हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया, घटना के दौरान भागते समय वह तालाब में गिर गया और डूबने से उसकी मौत हो गई थी।
मामला शनिवार सुबह उस समय उजागर हुआ, जब लिड़ीपोखरा तालाब में एक लाश तैरता हुआ मिला। लाश की पहचान महुआटोली निवासी रामफेर के रूप में की गई।
जानकारी के अनुसार, मृतक रामफेर का गांव की ही महिला से विगत कई वर्षों से अवैध संबंध था। दोनों ही शादीशुदा थे, और जब उसके पति को इस संबंध की जानकारी हुई तो महिला ने रामफेर से दूरी बना ली थी। बावजूद इसके, रामफेर लगातार महिला से संपर्क करने की कोशिश करता रहा।
30 मई की रात रामफेर एक बार फिर महिला के घर पहुंचा, जहां उसे मिलने से इंकार कर दिया गया। गुस्से में रामफेर द्वारा दी गई धमकी से आहत महिला और उसके पति ने रामफेर से बदला लेने की योजना बना ली।
अगली सुबह 31 मई को जब रामफेर शौच के लिए लिड़ीपोखरा तालाब की ओर गया, तब पति-पत्नी ने मिलकर उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घायल रामफेर जान बचाने की कोशिश में तालाब में गिर पड़ा, जहां उसकी मृत्यु हो गई।
थाना कोरंधा पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव का पंचनामा किया और मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जांच के दौरान हत्या की साजिश उजागर हो गई। पुलिस ने आरोपी दंपति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।