बलरामपुर

सुशासन दिवस के रूप में मना अटल बिहारी का शताब्दी जन्मोत्सव
26-Dec-2024 8:35 PM
सुशासन दिवस के रूप में मना अटल बिहारी का शताब्दी जन्मोत्सव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रामानुजगंज,26 दिसंंबर। नगर पंचायत रामानुजगंज द्वारा भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के शताब्दी जन्मोत्सव  को सुशासन दिवस के रूप में मनाते हुए विविध कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

सुशासन दिवस कार्यक्रम में मुख्य  रूप में नगर पंचायत अध्यक्ष रमन अग्रवाल, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष आर के पटेल, वरिष्ठ भाजपा नेता कन्हैयालाल अग्रवाल, सुभाष केशरी, शैलेष गुप्ता, विमलेश सिन्हा, एसपी निगम सहित पार्षद गण उपस्थित थे। इस अवसर पर शहर के वार्ड क्रमांक एक में स्थापित अटल बिहारी बाजपेयी की अष्टधातु आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की गई।

 पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष आर के पटेल ने कहा कि अटल बिहारी बाजपेयी ने देश की राजनीति में अमिट छाप छोड़ी है। उनका जीवन संघर्षों से भरा रहा, उन्होंने देश के तरक्की में जो योगदान दिया, उसे कभी नहीं भुलाया जा सकता। वरिष्ठ भाजपा नेता सुभाष केशरी ने कहा कि अटल जी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के साधारण कार्यकर्ता से प्रधानमंत्री तक का सफर तय किया, सर्वोच्च पद पर भी उनकी सरलता- सहजता एवं आत्मीयता कभी कम नहीं हुई। वे हमेशा हम सबके दिलों में रहेंगे।

नगर पंचायत अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने कहा कि अटल जी छत्तीसगढ़ वासियों की भावनाओं का सम्मान करने वाले महान राजनेता थे। अटल जी का नेतृत्व दूर दृष्टि और जन सेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके प्रधानमंत्री रहने के दौरान हमारे  देश में कई जनकल्याणकारी योजनाएं बनी जो देश की तरक्की एवं विकास में मील का पत्थर साबित हो रही है। कार्यक्रम को शैलेश गुप्ता, कन्हैया लाल अग्रवाल, विमलेश सिन्हा, नरेश ठाकुर, एस पी निगम सहित अन्य लोगों ने संबोधित करते हुए कहा कि अटल जी की नीतियों और विचारों ने भारत को एक नई दिशा दी।

अटल जी के मूल्यों को आत्मसात कर हम सभी को राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देना चाहिए।


अन्य पोस्ट