बलरामपुर

हाथी ने 4 घर तोड़े, घायल ग्रामीण की मौत, दी सहायता राशि
01-Aug-2023 8:04 PM
हाथी ने 4 घर तोड़े, घायल ग्रामीण की मौत, दी सहायता राशि

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज,1 अगस्त।
रामानुजगंज वन परिक्षेत्र में बीती रात कनकपुर रामपुर बस्ती में घुसे एक नर हाथी ने चार मिट्टी के घरों तोड़ दिया, वहीं एक घर की दीवार गिराने से ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों के द्वारा तत्काल उसे 100 बिस्तर अस्पताल रामानुजगंज लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। रेंजर संतोष पांडे के नेतृत्व में वनअमला मौके पर पहुंचा। रेंजर के द्वारा मृतक के स्वजनों को 25 हजार रुपय की तात्कालिक सहायता राशि प्रदान की गई।

  प्राप्त जानकारी के अनुसार विगत एक सप्ताह से नर हाथी रामानुजगंज वन परिक्षेत्र के अंतर्गत ही विचरण कर रहा था। बीती रात 2.30 बजे के करीब ग्राम कनकपुर रामपुर बस्ती में ननकू पिता रामसाय, संजय गुप्ता पिता दरगाही, राम गति पिता रामवृक्ष के मिट्टी के घर को तोड़ दिया। 

घर के कमरे में ईश्वर सिंह एवं उसकी पत्नी जरमानी देवी सोये थे, वहीं घर में धान की बोरी एवं चावल रखा हुआ था, जिसे खाने के लिए हाथी के द्वारा दीवार को तोड़ा तो दीवार ईश्वर सिंह के सिर पर गिर गया वहीं पत्नी विरमानी देवी भाग कर अपनी जान बचाई।

दीवार गिरने पर ईश्वर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल 100 बिस्तर अस्पताल रामानुजगंज लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। 
घटना की सूचना पर रेंजर संतोष पांडे, वनपाल दयाशंकर सिंह, बनारसी सिंह, पिंटू मालाकर मौके पर पहुंचे। रेंजर के द्वारा मृतक के परिजनों को 25 हजार रुपए की तात्कालीक सहायता राशि विभाग की ओर से प्रदान की गई। 

रेंजर संतोष पांडे ने बताया कि 21 जुलाई से दल से बिछड़ा हुआ नर हाथी रामानुजगंज छतवा एवं महावीरगंज जंगल में विचरण कर रहा है, बीच-बीच में नदी पार कर झारखंड भी चला जा रहा है।


अन्य पोस्ट