बलरामपुर

युकां चलाएगा जय भारत सत्याग्रह अभियान
05-Apr-2023 7:20 PM
युकां चलाएगा जय भारत सत्याग्रह अभियान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुसमी, 5 अप्रैल।
प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष आकाश शर्मा के निर्देशानुसार प्रदेश के प्रत्येक जिलों में जय भारत सत्याग्रह अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत बलरामपुर युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष बृजेश यादव के द्वारा मंगलवार को शंकरगढ़ के विश्रामगृह में प्रेसवार्ता का आयोजन किया।

 प्रेस वार्ता में युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने पोस्टकार्ड लांच करते हुए बताया कि पोस्टकार्ड में प्रधानमंत्री से पूछे जाने वाले तीन महत्वपूर्ण सवाल में पहला अडानी ने अब तक बीजेपी को कितना करोड़ का फंड दिया है,  दूसरा आपके आधिकारिक विदेश दौरे के बाद अडानी को कितने ठेके मिले, तीसरा कृपया हमें वह सूत्र बताएं जिनकी बदौलत आपका प्रिय मित्र दुनिया में 609 स्थान से 8 वर्षों में दूसरे सबसे धनी व्यक्ति बना है।

 प्रेस वार्ता के दौरान युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष बलरामपुर बृजेश यादव ने आगे कहा कि संसद में अडानी के बारे में हमारे नेता को बोलने नहीं दिया जाता है, उन्हें बोलने से रोक दिया जाता है और इसी डर से उनकी संसद से सदस्यता खत्म केंद्र में बैठी मोदी सरकार ने करा दिया। यह लोकतंत्र की हत्या है. मोदी सरकार के द्वारा सच्चाई की आवाज को दबाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन देश की जनता सब देख रही है आने वाले लोकसभा चुनाव में जनता इसका जवाब जरूर देगी। राहुल गांधी की  सदस्यता रद्द करने के मामले को लेकर युवा कांग्रेस सडक़ से लेकर सदन तक लड़ाई जारी रखेगी।

इस अभियान के तहत एक लाख से अधिक पोस्टकार्ड प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को छत्तीसगढ़ से भेजे जाएंगे और पोस्टकार्ड भेजकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से यह तीन सवाल पूछे जाएंगे, जिसमें बलरामपुर जिले से युवा कांग्रेस के द्वारा प्रत्येक विधानसभा से 5000 पोस्टकार्ड भेजने का लक्ष्य तय किया गया है।

प्रेसवार्ता के दौरान युवा कांग्रेस सामरी विधानसभा अध्यक्ष दीपक बुनकर, एनसयूआई जिला महासचिव आशीष यादव, राजकुमार भगत, हरिहर यादव, पिंटू यादव सहित युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता मौजूद रहे। 


अन्य पोस्ट