बलरामपुर

श्रीराम की शोभा यात्रा में उमड़ा जन सैलाब, पुष्प वर्षा कर जगह-जगह स्वागत
31-Mar-2023 9:31 PM
श्रीराम की शोभा यात्रा में उमड़ा  जन सैलाब, पुष्प वर्षा कर जगह-जगह स्वागत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रामानुजगंज, 31 मार्च। हिन्दू नववर्ष एवं चैत्र नवरात्रि पर श्री रामनवमी महोत्सव आयोजन समिति के द्वारा नवरात्रि के अवसर पर कर्मानुसार विविध धार्मिक आयोजन सम्पन्न कराया गया, जिसमें प्रमुख रूप से रामानुजगंज शहर के अधिकाधिक घरों में हनुमत ध्वजा लगाने के साथ-साथ श्री राम मंदिर में भव्य संध्या आरती की गई तथा रामनवमी पर कन्हर तट स्थित प्राचीन श्री राम मंदिर में प्रात:काल से भजन-कीर्तन एवं दोपहर के समय में निर्धारित शुभ मुहूर्त में श्रीराम जन्मोत्सव तदोपरांत भण्डारे के बाद मध्य बाजार स्थित प्राचीन श्री हनुमान मंदिर से विभिन्न झांकियो के माध्यम से गाजे-बाजे और भव्य आतिशबाजी के साथ श्रीराम दरबार की भव्य शोभा यात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों की संख्या में श्रीराम भक्त महिला-पुरुष, बच्चे सभी शामिल हुए।

रामनवमी महोत्सव आयोजन समिति के संयोजक एवं नगर पंचायत अध्यक्ष रमन अग्रवाल के नेतृत्व में समिति द्वारा की गई व्यापक तैयारियों के परिणाम स्वरूप रामनवमी के अवसर पर शोभा यात्रा के दरिम्यान श्रीराम भक्तो का ऐतिहासिक जनसैलाब देखने को मिला तथा देर रात तक चले शोभा यात्रा में अंतिम समय तक डटे रहे जनसैलाब ने सभी का मनोबल बढाया। श्रीराम दरबार की शोभा यात्रा में उमड़े जन सैलाब के मद्देनजर जगह-जगह पुलिस बल तैनात किए गए थे।

रामनवमी के अवसर पर आयोजित श्रीराम दरबार की शोभा यात्रा में शामिल होने शहर के विभिन्न वार्डो से बडी संख्या में श्रीराम दरबार की दर्जनों मनमोहक झांकियां केशरिया ध्वज एवं गाजे-बाजे के साथ जैसे ही मध्य बाजार स्थित श्री हनुमान मंदिर पहुंची वैसे ही सडको पर पूरे शहर के श्रीराम भक्तो का जन सैलाब उमड़ पड़ा। नगर में पहली बार 18 झांकी दलो ने श्रीराम भक्तों की टोली के साथ श्रीराम दरबार की शोभा यात्रा में भाग लिया जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल रही।

चैत्र नवरात्रि के अंतिम तिथि रामनवमी पर प्राचीन श्रीराम मंदिर में दोपहर में शुभ मुहूर्त में ठीक 1 बजे श्रीराम जन्मोत्सव पश्चात महाप्रसाद का आयोजन संपन्न हुआ। तदोपरान्त शाम 4 बजे से प्राचीन हनुमान मंदिर से गाजे बाजे और भव्य आतिशबाजी के साथ श्रीराम दरबार की विशाल शोभायात्रा निकाली गई।

कार्यक्रम के दरिम्यान उपस्थित वरिष्ठजनो के हाथो झांकी दलों के मध्य प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला संघचालक सुभाष जायसवाल, वरिष्ठ पार्षद अशोक जायसवाल ने नगर वासियों को रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए भव्य एवं वृहद आयोजन के लिए रामनवमी महोत्सव आयोजन समिति को धन्यवाद दिया। रामनवमी आयोजन समिति के संयोजक एवं नगर पंचायत अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने जनमानस को नवरात्रि एवं रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रामनवमी आयोजन को लेकर रामानुजगंज के लोगों में काफी उत्साह था जो आज हम सभी को स्पष्ट दिख रहा है। आज पूरा शहर राममय है, जनमानस सडको पर राम दरबार की दर्शन एवं स्वागत् को आतुर दिखाई दिया।

रामनवमी महोत्सव आयोजन समिति द्वारा नौ सदस्यीय निर्णायक मण्डल द्वारा घोषित परिणाम के अनुसार कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ जनो के हाथो प्रथम पुरस्कार प्राप्त करने वाले बाबा नर्मदेश्वर महादेव मंदिर समिति को 21000/- रूपये नगद एवं मोमेन्टो तथा द्वितीय स्थान पर एक समान अंक प्राप्त करने वाले तीन झांकी दल प्रगति वन महिला ग्रुप, के. टी. ब्रदर्स ओंकारेश्वर महादेव मंदिर एवं संगिनी महिला ग्रुप को पृथक-पृथक 16000/- हजार रूपये नगद दिया गया। तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले माली मालाकार कल्याण समिति को 11000/- रूपये नगद एवं शिल्ड प्रदान कर सम्मानीत किया गया। इसी के साथ-साथ शोभा यात्रा में अपनी सहभागीता दर्ज कराने वाले सभी राम दरबार झांकी दल को 5000 रूपये नगद एवं शील्ड देकर सम्मानीत किया गया।


अन्य पोस्ट