बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर, 15 फरवरी। आज दोपहर बलरामपुर जिले के राजपुर तहसील कार्यालय के सामने मुख्य मार्ग पर बलरामपुर कांग्रेस के जिला प्रवक्ता व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुनील सिंह को एक युवक ने बाईक से जोरदार टक्कर मार दी।
स्थानीय लोगों की मदद से सुनील सिंह को राजपुर समुदायिक केंद्र स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनका दाया पैर टूटने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें अंबिकापुर भेज दिया है।
सुनील सिंह के साथ उनके असिस्टेंट शिव उर्फ (भोलू) ठाकुर के साथ उन्हें मामूली चोटें आई हैं। उसे भी प्राथमिक उपचार पश्चात अंबिकापुर के लिए भेज दिया गया है।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेंद्र तिवारी सुरेश सोनी, नीरज तिवारी, सतीश सिंह, सहित अन्य लोगों ने भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचकर उनके स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली।
ज्ञात हो कि कांग्रेस के जिला प्रवक्ता व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुनील सिंह पेशे से अधिवक्ता हंै। बुधवार दोपहर को वकालत के काम के लिए अपने असिस्टेंट के साथ दो पहिया वाहन से तहसील कार्यालय जा रहे थे। जैसे ही मुख्य मार्ग से तहसील कार्यालय की ओर मुड़ ही रहे थे कि पीछे की ओर से आ रहे युवक ने बाईक से जोरदार टक्कर मार दी। उन्हें आसपास के लोगों ने तत्काल राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उनका दायां पैर टूटने की जानकारी दी। जिसके बाद उन्हें अंबिकापुर भेज दिया गया।


