बलरामपुर
मितानिनों का सम्मान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज, 25 दिसंबर। पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के संभाग प्रभारी एवं नगर पंचायत अध्यक्ष रमन अग्रवाल के नेतृत्व में नगर में अटल चौक में स्थापित अष्टधातु से निर्मित अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर उनके कार्यों को याद किया गया।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर लोकप्रिय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात भी उपस्थित जन समुदाय के द्वारा सुना गया तथा सुशासन दिवस कार्यक्रम के तहत जन-जन तक शासन की योजनाओं को पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली मितानिन बहनों को वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस दौरान भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के विशेष आमंत्रित सदस्य आर के पटेल, भाजपा जिला कोषाध्यक्ष कन्हैया लाल अग्रवाल, भाजपा नेता सुभाष केसरी ,विमलेश सिन्हा जिला पंचायत के सभापति राजेश यादव सहित महिला मोर्चा के पदाधिकारी एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि आर के पटेल ने कहा कि भारत रत्न से सुशोभित पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी लोकतांत्रिक एवं मानवतावादी मूल्यों की प्रतिमूर्ति थे उनके आदर्शों से सिंचित एक पूरी पीढ़ी है जिसमें उन्हीं की तरह राष्ट्र प्रथम का जज्बा है। मां भारती के लाल अटल जी विराट व्यक्तित्व के धनी थे। उनके व्यक्तित्व में अनगिनत आयाम थे।
नगर पंचायत अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने कहा कि अटल जी ऐसे प्रखर वक्ता थे जिनके जीवहा पर साक्षात सरस्वती विराजति थी। अटल जी के द्वारा अपने प्रधानमंत्री काल में उठाए गए आर्थिक सुधारों के माध्यम से भारतीय अर्थव्यवस्था को एक नई गति मिली। आज भारत में टेक्नोलॉजी का जो युग है उसकी आधारशिला भी उन्होंने रखी थी नदियों को जोडऩे का उनका दूरगामी सोच अब जमीन पर प्रदर्शित होने लगा है। समारोह को भाजपा जिला कोषाध्यक्ष कन्हैयालाल अग्रवाल, जिला पंचायत के सभापति राजेश यादव, सुभाष केशरी एवं विमलेश सिन्हा ने संबोधित करते हुए कहा कि अटल जी सही मायने में भविष्य दृष्टा थे।
भारत के प्रधानमंत्री रहते हुए उनके द्वारा उठाए गए प्रत्येक कदम में भविष्य के भारत की नींव का पत्थर छिपा था। उनके निर्णय में दूरगामी सोच स्पष्ट रूप से परलिच्छित होता था। इसके प्रबल उदाहरणों में से एक प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना है आज देश के साढ़े छ: लाख से अधिक गांव में से अधिकांश विकास की जिस मुख्यधारा से जुड़े रहे हैं, उसका रास्ता प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के माध्यम से ही जाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार ने विगत 8 वर्षों में इस दिशा में क्रांतिकारी कार्य करके गांव को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान की है।
भाजपा प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर आज महीने के अंतिम रविवार होने की वजह से जयन्ती समारोह के पूर्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम का आयोजन भी अटल चौक पर किया गया।
अष्टधातु से निर्मित प्रदेश की पहली प्रतिमा स्थापित है नगर में नगर के वार्ड क्रमांक एक में स्थित अटल चौक में स्थापित अटल बिहारी वाजपेयी की अष्टधातु से निर्मित छत्तीसगढ़ की पहली प्रतिमा है जो तत्कालिक नगर पंचायत अध्यक्ष रमन अग्रवाल के पहल पर स्थापित की गई थी।सुशासन दिवस कार्यक्रम के तहत जन जन तक शासन की योजनाओं को पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली मितानिन बहनो शुशीला पूरी, चंदा, पुष्पा, मंजू, सविता गुप्ता, गीता, रूपकला, सोना, रेणु, सिलवंती, पुनम, सुमिला कुशवाहा, आशा गुप्ता, सविता पूरी एवं शुशीला विश्वास को वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।


