बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज, 2 सितंबर। स्थानीय पं. दीनदयाल उपाध्याय टाउन हॉल में विधायक बृहस्पत सिंह की अगुवाई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का बूथ स्तरीय सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन के पहले दिन विधायक रामानुजगंज क्षेत्र के कार्यकर्ताओं से रूबरू हुए तो दूसरे दिन रामचंद्रपुर क्षेत्र के कार्यकर्ताओं से रूबरू होकर उनकी समस्याओं को सुना। विधायक बृहस्पत सिंह ने छत्तीसगढ़ के भूपेश बघेल सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों एवं अपने 4 साल कराएं विकास कार्यों को गिनाया व उसे जन-जन तक पहुंचाने की बात कही।
बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए विधायक बृहस्पत सिंह ने कहा कि आप लोगों के आशीर्वाद एवं प्यार से मैं आज इस काबिल बन सका हूं कि आप लोगों की समस्याओं को सुन रहा हूं एवं उसे हल कर पा रहा हूं।मुझे बहुत खुशी होती है कि जो अपेक्षा आपने मुझसे की थी वह तो मैंने अपने पहले पंचवर्षीय विधायकी के कार्यकाल में शायद पूरा नहीं कर पाया परंतु इस बार आपके अपेक्षा ज्यादा कार्य कर रहा हूं।
श्री सिंह ने कहा कि भाजपा के 15 साल के शासनकाल में हम लोग विकास कार्यों के लिए मांग करते रहे, परंतु हम लोगों की नहीं सुनी गई। अब आप लोगों का मांगने की जरूरत नहीं है आपकी भावनाओं को मैं समझ रहा हूं। आज क्षेत्र में बड़े-बड़े पुलिया बन रहे हैं,जो पहुंची विहीन गांव रामानुजगंज विधानसभा में थे। आज मैं गर्व से कह सकता हूं कि वह सभी गांव पहुंच विहीनता के अभी श्राप से मुक्त हो गए।
गांव की बुनियादी सुविधा सडक़ बिजली पानी के लिए मैंने भरपूर कार्य किया। इस दौरान जसवंत सिंह पार्षद अशोक जयसवाल, राजू अग्रवाल, एल्डरमैन अभिषेक सिंह, डॉ. अमरेश सिंह, किसान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष विकास दुबे, मंडी अध्यक्ष जमुना सागर सिंह, मोहम्मद बक्स, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रामचंद्रपुर यासीन अंसारी,सनोज दास, मंगलेश प्रजापति, दिलीप गुप्ता, आयुष सोनी सहित बड़ी संख्या में कांग्रस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अभिषेक सिंह ने किया।
स्वास्थ्य सुविधाओं में की बढ़ोतरी
विधायक बृहस्पति सिंह ने कहा कि भाजपा के शासनकाल में जिला चिकित्सालय बलरामपुर सिर्फ रेफर अस्पताल बन कर रह गया था परंतु जैसे छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनी हम लोगों ने पहला कार्य जिला चिकित्सालय के सहित जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उप स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को बढ़ाने का कार्य किया।आज जिला चिकित्सालय में कई प्रकार की सुविधाएं मिल रही है जिस कारण पहले जहां लोगों को अंबिकापुर, रायपुर, रांची जाना पड़ता था अब वह स्वास्थ्य सुविधा बलरामपुर में ही मिल रही है। रामानुजगंज में भी 100 बिस्तर अस्पताल जल्द प्रारंभ हो जाएगा।
कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनी
गुरुवार को रामानुजगंज क्षेत्र के बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं एवं शुक्रवार को रामचंद्रपुर क्षेत्र के बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं की बात घंटों बैठकर विधायक ने गंभीरता से सुनी एवं एक-एक कार्यकर्ता के सवाल का जवाब दिया।
गुरुवार को रामानुजगंज क्षेत्र एवं शुक्रवार को रामचंद्रपुर क्षेत्र के बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं की बैठक स्थानीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय टाउन हॉल में रखी गई थी जिसके लिए करीब 1000 कुर्सियों की व्यवस्था की गई थी परंतु इतनी संख्या में कार्यकर्ता उमड़े की 1000 कुर्सियां कम पड़ गई।बड़ी संख्या में कार्यकर्ता खड़े होकर कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। श्री सिंह ने कहा कि कांग्रेस के बढ़ते जनाधार एवं छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की स्वीकार्यता को दिखलाता है।


