बलरामपुर

2023 के चुनाव में कांग्रेस का पूरी तरह से सफाया हो जाएगा-रामविचार
08-Mar-2022 8:28 PM
2023 के चुनाव में कांग्रेस का पूरी तरह से सफाया हो जाएगा-रामविचार

   राज्यसभा सांसद ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश    

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज, 8 मार्च।
सोमवार को भाजपा कार्यालय रामानुजगंज में आयोजित भारतीय जनता युवा मोर्चा मंडल रामानुजगंज द्वितीय कार्यसमिति बैठक में राज्यसभा सांसद रामविचार नेताम ने युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि 2023 का चुनाव कांग्रेस पार्टी का अस्तित्व बचाने की होगी। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर प्रचंड बहुमत के साथ भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी और कांग्रेस पूरी तरह से सफाया हो जाएगा।

भाजपा कार्यालय रामानुजगंज में आयोजित भारतीय जनता युवा मोर्चा मंडल रामानुजगंज द्वितीय कार्यसमिति बैठक में शामिल होने बतौर मुख्य अतिथि राज्यसभा के सांसद रामविचार नेताम एवं भाजयुमो जिला अध्यक्ष विकेश पहुंचे थे, जहां युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने जोरदार आतिशी नारेबाजी एवं मांदर बाजे के द्वारा जोरदार स्वागत किया।

युवा मोर्चा के कार्यसमिति बैठक में राज्यसभा सांसद रामविचार नेताम ने युवाओं में जोश भरते हुए कहा कि 2023 का विधानसभा चुनाव कांग्रेस पार्टी का अस्तित्व बचाने की चुनाव होगी, एक बार फिर छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी के प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनेगी। आज पूरे भारत में कांग्रेस पार्टी अपने अस्तित्व के लिए जूझ रही है, सभी राज्यों से धीरे-धीरे सफाया होते जा रहा है, उसी प्रकार 2023 में छत्तीसगढ़ से भी कांग्रेस पार्टी का विदाई सुनिश्चित है। जिस प्रकार से कांग्रेस पार्टी अपने लोक लुभावने घोषणा पत्र के दम पर सत्ता में आई थी, आज धरातल पर एक भी योजना नजर नहीं आ रहा है।

प्रदेश का हर वर्ग अपने आप को ठगा सा महसूस कर रहा है चाहे गरीब हो मजदूर हो नौजवान हो किसान हो व्यापारी अधिकारी कर्मचारी सभी को निराशा हाथ लगी है। सभी समय का इंतजार कर रहे हैं, निश्चित रूप से ही आने वाला 2023 का चुनाव कांग्रेस पार्टी का अस्तित्व बचाने की होगी।

वरिष्ठ अधिवक्ता एवं भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री अनूप तिवारी ने युवाओं में जोश भरते हुए कहा प्रदेश कांग्रेस के नेता जनहित में काम करने के बजाए कुर्सी दौड़ का खेल खेल रहे हैं।

कोई मुख्यमंत्री की कुर्सी बचाने तो कोई मुख्यमंत्री की कुर्सी पाने के लिए दिल्ली दौड़ में लगे हैं।प्रदेश के मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ की जनता का भलाई करने के बजाए अपने आका को खुश करने के लिए छत्तीसगढ़ का सारा पैसा यूपी चुनाव में खर्च किया है। प्रदेश की जनता सब देख रही है आने वाला विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का जाना तय है।

भाजयुमो जिला अध्यक्ष विकेश साहू ने भी युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं जोश भरते हुए कहा कि हम युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को डरने की जरूरत नहीं है, बल्कि स्थानीय विधायक के आतंक के खिलाफ डटकर मुकाबला करने की जरूरत है। हम सभी वानर सेना रूपी युवा मोर्चा के साथियों का आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी का सफाया एवं भारतीय जनता पार्टी का परचम लहराने में अहम रोल होगी साथ ही उन्होंने संगठनात्मक चर्चा भी की।

इस दौरान भाजपा जिला महामंत्री जय प्रकाश गुप्ता जिला मंत्री अरुण केसरी मंडल अध्यक्ष शर्मिला गुप्ता पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष शैलेश गुप्ता ने भी युवाओं में जोश भरा साथ ही भाजयुमो जिला महामंत्री एवं रामानुजगंज मंडल के प्रभारी गौतम सिंह ने संगठनात्मक चर्चा की।


अन्य पोस्ट