बलौदा बाजार

राष्ट्रीय बाल गीत लेखन स्पर्धा, 10 शीर्षस्थ रचनाकारों में भाटापारा के कन्हैया साहू भी
22-Apr-2025 6:20 PM
राष्ट्रीय बाल गीत लेखन स्पर्धा, 10 शीर्षस्थ रचनाकारों में भाटापारा के कन्हैया साहू भी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भाटापारा, 22 अप्रैल। सलूम्बर (राजस्थान) में स्थापित सलिला संस्था की अध्यक्ष डॉ. विमला भंडारी ने अखिल भारतीय बाल गीत लेखन प्रतियोगिता- 2024 के विजेताओं की सूची जारी करते हुए 10 शीर्षस्थ रचनाकारों की घोषणा की है। इस राष्ट्रीय बाल गीत लेखन प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के भाटापारा से बाल रचनाकार कन्हैया साहू ‘अमित’को सातवां स्थान प्राप्त हुआ है।

शीर्षस्थ सभी दस विजेता रचनाकारों को एक-एक हजार का नगद पुरस्कार दिया जाएगा। उनकी रचनाओं के चयन में विद्वान बाल साहित्यकारों द्वारा पर्याप्त सावधानी बरती गई है। विजेता एवं चयनित बाल गीतों का संकलन, गीत सुहाने बचपन के आगामी पुस्तक में प्रकाशित किया जाएगा। हिंदी बाल साहित्य की विभिन्न विधाओं के लेखन को प्रोत्साहन देने और श्रेष्ठ प्रविष्टियों को पुस्तक के रूप में प्रकाशित करने हेतु विगत सात वर्षों से विभिन्न विधाओं में अखिल भारतीय प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।

इस वर्ष होने वाली इस आठवीं प्रतियोगिता, वर्ष-2024 के लिए राष्ट्रीय स्तर पर बाल साहित्यकारों से बालगीत विधा में मौलिक, अप्रकाशित एवं अप्रसारित प्रविष्टि आमंत्रित की गई थी। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए 20 वर्ष से 50 वर्ष तक की आयु सीमा रखी गई थी। विषय मुक्त एवं बालमन को आकर्षित करने वाले छंदबद्ध बालगीतों को प्रतियोगिता के लिए आमंत्रित किया गया था।

सलिला संस्था, सलूम्बर (राजस्थान) द्वारा इस वर्ष 2024 में आयोजित बाल गीत प्रतियोगिता के प्रथम दस विजेता यशपाल शर्मा, फहीम अहमद, नीलम मुकेश वर्मा, योगेंद्र मौर्य, बलवीर सिंह वर्मा, अनीता गंगाधर, कन्हैया साहू च्अमितज् भाटापारा छत्तीसगढ़ से, भाऊराव महन्त बालाघाट से, विनीता काबरा, नीरज शास्त्री रहे।

कन्हैया साहू ‘अमित’ वर्तमान में शासकीय प्राथमिक विद्यालय लमती में सहायक शिक्षक के पद पर सेवारत हैं। एक नवाचारी शिक्षक के रूप में पहचाने जाते हैं। शिक्षण सेवा के अतिरिक्त वे बाल साहित्य का अध्ययन एवं सतत सृजन करते हैं। अभी तक इनकी एक दर्जन तक एकल पुस्तकें हिंदी एवं छत्तीसगढ़ी में प्रकाशित है। अनेक साझा संकलनों का संपादन एवं रचनात्मक सहयोग किए हैं। इनकी इस विशेष उपलब्धि पर नगर की अभिव्यक्ति साहित्य संस्था एवं उनके शिक्षक साथियों द्वारा सतत प्रगति पथ पर अग्रसर रहने की शुभकामनाओं सहित बधाई दिए हैं।


अन्य पोस्ट