बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भाटापारा, 21 अप्रैल। रविवार को ईस्टर पर भाटापारा नगर से लगे गणेशपुर और विश्रामपुर में स्थित चर्च में विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन हुआ। ईसाई समाज के आमंत्रण पर भाटापारा नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा भी ईस्टर की प्रार्थना सभा में शामिल हुए।
इस दौरान नपा अध्यक्ष श्री शर्मा ने ईस्टर की शुभकामनाएं देते हुए इस दिन को पुनरुत्थान का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा -ईस्टर का संदेश सिर्फ ईसाई धर्म तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अवसर नयी आशा के साथ प्रेम, सच्चाई और शांति की सीख देता है।
गौरतलब है कि ईस्टर ईसाई धर्म का महत्वपूर्ण पर्व है, जिसे गुड फ्राइडे के दो दिन बाद मनाया जाता है। इस साल गुड फ्राइडे 18 अप्रैल को थी और ईस्टर रविवार 20 अप्रैल को मनाया गया। यह पर्व प्रभु यीशु के बलिदान के बाद उनके पुनर्जन्म और पुनरुत्थान का प्रतीक है, जिसे दोगुनी खुशी के साथ मनाया जाता है।
मान्यता है कि ईस्टर संडे के दिन प्रभु यीशु पुन: जीवित हो गए थे और 40 दिन तक पृथ्वी पर रहकर उन्होंने अपने शिष्यों को प्रेम, दया, क्षमा, मानवता और करुणा का पाठ पढ़ाया था, इसके बाद वे वापिस स्वर्ग लौट गए थे।
ईस्टर के मौके पर देशभर सहित भाटापारा नगर के नजदीक गणेशपुर एवं विश्रामपुर स्थित चर्च में आयोजित विशेष प्रार्थना सभा में बड़ी संख्या में ईसाई धर्म के अनुयायी जुटे। समाज के पदाधिकारियों के आमंत्रण पर नपा अध्यक्ष अश्वनी शर्मा भी प्रार्थना सभा के कार्यक्रम में शामिल हुए।
उन्होंने प्रभु यीशु के संदेश और ईस्टर पर बात करते हुए कहा कि, ईस्टर हमें सिखाता है कि चुनौतियों के बाद उम्मीद की नई किरण जगाती है, साथ ही यह अवसर सभी समुदायों के बीच शांति, सद्भाव और भाईचारे की भावना को मजबूत करने की याद दिलाता है।
उन्होंने बताया कि वे नगर पालिका क्षेत्र में रहने वाले हर समुदाय और समाज के लोगों को समान रूप से ध्यान में रखकर योजनाएं बना रहे हैं और काम कर रहे हैं। नपा अध्यक्ष श्री शर्मा ने नगर विकास में हर समुदाय की सहभागिता की भी अपील की। इस अवसर पर पूर्व सरपंच अमित दास, अभिषेक दास, विकास पॉल एवं सुभाष हेनरी विशेष रूप से उपस्थित रहे।


