बालोद
महिला आरक्षक ने लगाए थे रेप-गर्भपात के आरोप
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दल्लीराजहरा, 22 फरवरी। बीजापुर में पदस्थ डिप्टी कलेक्टर दिलीप उईके को राज्य शासन ने निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई एक महिला आरक्षक द्वारा की गई शिकायत के बाद की गई है।
गौरतलब है कि बीजापुर में पदस्थ डिप्टी कलेक्टर दिलीप उईके खिलाफ बालोद जिले की एक महिला आरक्षक ने गंभीर आरोप लगाये थे।
शिकायतकर्ता महिला आरक्षक ने डिप्टी कलेक्टर पर यौन शोषण, जबरन गर्भपात और आर्थिक धोखाधड़ी के आरोप लगाए हैं। महिला ने मुख्य सचिव को 12 बिंदुओं में विस्तृत शिकायत प्रस्तुत की थी।
शिकायत के अनुसार, दोनों की पहचान वर्ष 2017 में डौंडी क्षेत्र में पढ़ाई के दौरान हुई थी। महिला का आरोप है कि शादी का आश्वासन देकर संबंध बनाए गए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वर्ष 2017 से 2025 के बीच तीन बार जबरन गर्भपात कराया गया तथा आर्थिक सहयोग भी लिया गया। शिकायत में यह भी उल्लेख है कि वर्ष 2020 में डिप्टी कलेक्टर के पद पर चयन के बाद व्यवहार में बदलाव आया।
महिला आरक्षक की शिकायत के आधार पर शासन स्तर पर कार्रवाई करते हुए डिप्टी कलेक्टर दिलीप उईके को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। मामले की जांच प्रक्रिया जारी है।


