बालोद

शहर होगा रोशनी से जगमग, मुख्य चौराहों पर लगेगी हाई मास्क लाइट-नपाध्यक्ष
15-Feb-2026 8:23 PM
शहर होगा रोशनी से जगमग,  मुख्य चौराहों पर लगेगी हाई मास्क लाइट-नपाध्यक्ष

दल्ली राजहरा में हाईमास्ट लाइट और सडक़ पुनर्निर्माण की तैयारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दल्ली राजहरा, 15 फरवरी। दल्ली राजहरा नगर में बीएसपी क्षेत्र के प्रमुख चौक-चौराहों पर हाईमास्ट लाइट लगाने और टाउनशिप क्षेत्र की सडक़ों के पुनर्निर्माण की योजना पर कार्य शुरू किया गया है।

नगर पालिका अध्यक्ष तोरण लाल साहू के अनुसार, भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) द्वारा लगभग 60 लाख रुपये की लागत से दस हाईमास्ट लाइटें प्रमुख चौक-चौराहों पर लगाई जाएंगी। इसके अतिरिक्त बीएसपी क्रिकेट स्टेडियम में लगभग 35 लाख रुपये की लागत से चार कोनों पर फ्लड लाइट लगाने की योजना है। अध्यक्ष ने बताया कि इन व्यवस्थाओं को स्थानीय खेल गतिविधियों तथा क्रिकेट प्रतियोगिताओं को ध्यान में रखकर किया जा रहा है।

 सडक़ों का पुनर्निर्माण

बीएसपी टाउनशिप क्षेत्र में लगभग 13 किलोमीटर सडक़ों के पुनर्निर्माण का कार्य शुरू किया गया है। इस कार्य की अनुमानित लागत लगभग एक करोड़ रुपये बताई गई है। बीएसपी के अनुसार, दल्ली राजहरा खदान क्षेत्र की कुल 27 किलोमीटर सडक़ों में से प्राथमिकता के आधार पर 13 किलोमीटर सडक़ का निर्माण कराया जा रहा है।

नगर पालिका अध्यक्ष ने बताया कि जहां सडक़ की चौड़ाई तीन मीटर है, वहां दोनों ओर विस्तार किया जा रहा है। निर्मला स्कूल क्षेत्र के मुख्य मार्ग की चौड़ाई भी बढ़ाई जा रही है।

नगर पालिका अध्यक्ष तोरण लाल साहू ने कहा कि टाउनशिप क्षेत्र की सडक़ों के पुनर्निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही थी। उनके अनुसार, सडक़ों के निर्माण और प्रकाश व्यवस्था में सुधार से निवासियों को आवागमन में सुविधा होगी। बीएसपी की ओर से कहा गया है कि निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों का पालन किया जाएगा।


अन्य पोस्ट