सरगुजा

चोरी का जेवर खरीदने वाला ज्वेलर्स संचालक बंदी
28-Nov-2026 9:28 PM
चोरी का जेवर खरीदने वाला ज्वेलर्स संचालक बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 28 नवंबर। गांधीनगर थाना क्षेत्र में ज्वेलर्स दुकान का ताला तोडक़र चांदी के आभूषण और आर्टिफिशियल ज्वेलरी चोरी करने के मामले में पुलिस ने चोरी का सामान खरीदने वाले एक ज्वेलर्स संचालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान शिवम खरात अंबिकापुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी के चार चांदी के ब्रेसलेट और गला हुआ चांदी बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ प्रकरण में धारा 111 और 317(2) बीएनएस भी जोड़ी गई है।

पुलिस के अनुसार, नवापारा नेहरू छात्रावास के पीछे रहने वाली निधि सोनी (27) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 29 सितंबर की रात 8 बजे से 30 सितंबर की सुबह 7 बजे के बीच अज्ञात व्यक्ति ने उनकी ज्वेलर्स दुकान का ताला तोडक़र अंदर रखे 15 चांदी के ब्रेसलेट और आर्टिफिशियल ज्वेलरी चोरी कर ली। चोरी गए सामान की कीमत करीब 90 हजार रुपये बताई गई थी। मामले में गांधीनगर थाना पुलिस ने धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की थी।

विवेचना के दौरान पुलिस ने पहले शिवांग चौहान उर्फ राहुल को गिरफ्तार किया था। उसकी निशानदेही पर एक आर्टिफिशियल हार और कान का झुमका बरामद किया गया। इसके बाद मामले में संलिप्त इरफान अंसारी को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस रिमांड पर दोनों आरोपियों से पूछताछ में खुलासा हुआ कि चोरी किए गए आभूषण गणेश ज्वेलर्स के संचालक शिवम खरात को बेचे गए थे।

इसके बाद पुलिस ने शिवम खरात से पूछताछ की और उसके कब्जे से चार चांदी के ब्रेसलेट तथा एक नग गला हुआ चांदी बरामद किया।

पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस चोरी गए शेष सामान की बरामदगी और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश में जुटी है।


अन्य पोस्ट