सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 28 नवंबर। सरगुजा संभाग में उत्तरी सर्द हवाओं के चलते ठंड ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। नवंबर के अंतिम सप्ताह में ही तापमान में लगातार गिरावट से पूरे संभाग में ठिठुरन बढ़ गई है। पर्यटन स्थल मैनपाट सहित आसपास के पाट क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री के करीब पहुंच गया है। यहां लगातार दूसरे दिन सुबह घास और पुआल पर बर्फ की सफेद परत जमी दिखाई दी। वहीं, अंबिकापुर में भी न्यूनतम तापमान गिरकर 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह और रात के समय ठंडी हवाओं के कारण लोगों को गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है।
मौसम साफ होने के बाद उत्तर दिशा से आ रही सर्द हवाओं का असर सरगुजा संभाग में तेजी से बढ़ा है। मैदानी इलाकों की तुलना में मैनपाट और आसपास के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड का प्रभाव अधिक महसूस किया जा रहा है। सुबह के समय खेतों, खुले मैदानों और घास पर ओस की बूंदें जमकर पाले का रूप ले रही हैं। लगातार दूसरे दिन पुआल और घास पर बर्फ जैसी सफेद परत नजर आई। सुबह हल्की धुंध के बीच ठंड का असर इतना अधिक रहा कि लोग घरों से निकलने में भी परहेज करते दिखाई दिए।
अंबिकापुर में भी तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। शुक्रवार को शहर का न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो शनिवार को गिरकर 8.5 डिग्री पर पहुंच गया। वहीं अधिकतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन में धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत जरूर मिल रही है, लेकिन शाम ढलते ही ठंडी हवाओं के कारण ठिठुरन बढ़ जा रही है। सुबह के समय भी ठंड का असर स्पष्ट दिखाई दे रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। आसमान साफ रहने और उत्तरी सर्द हवाओं का प्रभाव जारी रहने से आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट हो सकती है। ऐसे में दिसंबर की शुरुआत से पहले ही सरगुजा में कड़ाके की ठंड पडऩे के आसार हैं।
ठंड सेहत पर पडऩे लगी भारी, बढ़ रहे सर्दी-जुकाम के मरीज
बढ़ती ठंड का असर लोगों की सेहत पर भी दिखाई देने लगा है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों को सर्दी-जुकाम सहित मौसमी बीमारियों की परेशानी हो रही है। सुबह और देर रात घर से बाहर निकलने वाले लोगों को ठंडी हवाओं से बचाव की जरूरत पड़ रही है। मौसम में अचानक बदलाव के चलते स्वास्थ्य विभाग ने भी सतर्कता बरतने की सलाह दी है। चिकित्सकों के अनुसार बच्चों और बुजुर्गों को ठंड से बचाकर रखना चाहिए तथा सुबह-शाम गर्म कपड़ों का उपयोग करना चाहिए।
ठिठुरते हुए स्कूल पहुंच रहे बच्चे
सुबह के समय ठंड बढऩे का असर स्कूली बच्चों पर भी पड़ रहा है। छोटे बच्चे गर्म कपड़े पहनकर स्कूल पहुंच रहे हैं, लेकिन सुबह की सर्द हवाओं के कारण उन्हें परेशानी हो रही है। ठंड के चलते बच्चों में सर्दी-जुकाम की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। ऐसे में अभिभावकों ने सुबह के समय बच्चों को ठंड से बचाने के लिए अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत बताई है।
मैनपाट में पाले की सफेद चादर और अंबिकापुर में गिरते तापमान ने संकेत दे दिया है कि सरगुजा में सर्दी अब पूरी तरह दस्तक दे चुकी है। आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट की संभावना के बीच लोगों को जहां ठंड से बचाव की तैयारी करनी होगी, वहीं नगर निगम को भी बस स्टैंड सहित सार्वजनिक स्थलों पर अलाव की व्यवस्था शुरू करने की जरूरत है।