सरगुजा
आगामी सत्र से प्रवेश शुरू करने की मांग, मनेंद्रगढ़ में भी जल्द लॉ कॉलेज खोलने कुलपति से की चर्चा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 27 नवंबर। संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय, सरगुजा में विधि (एलएलबी) पाठ्यक्रम की 60 सीटों को बार काउंसिल ऑफ इंडिया (बीसीआई) से स्वीकृति मिल गई है। इससे सरगुजा संभाग के विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक नई राह खुली है। इस स्वीकृति को प्राप्त करने में पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के प्रयासों के साथ छत्तीसगढ़ राज्य विधिक परिषद की कार्यकारिणी के अध्यक्ष प्रवीण गुप्ता की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने इस संबंध में बार काउंसिल ऑफ इंडिया से लगातार चर्चा और प्रयास किए।
इस उपलब्धि के बाद युवा कांग्रेस आरटीआई सेल के चेयरमैन हिमांशु जायसवाल एवं विश्वविद्यालय अध्यक्ष सुरेंद्र गुप्ता ने संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय के कुलपति से मुलाकात कर एलएलबी पाठ्यक्रम शुरू करने को लेकर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने मांग की कि स्वीकृत 60 सीटों पर आगामी शैक्षणिक सत्र से ही प्रवेश प्रक्रिया शुरू की जाए। इसके लिए शिक्षकों की नियुक्ति, पाठ्यक्रम संचालन और प्रवेश संबंधी आवश्यक औपचारिकताएं समय रहते पूरी करने की मांग रखी गई।
हिमांशु जायसवाल ने कहा कि विश्वविद्यालय में एलएलबी की पढ़ाई शुरू होने से सरगुजा संभाग के विद्यार्थियों को अपने ही क्षेत्र में विधि शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। उन्हें कानून की पढ़ाई के लिए दूसरे शहरों में नहीं जाना पड़ेगा। इससे विद्यार्थियों का समय और आर्थिक खर्च भी बचेगा।
उन्होंने कुलपति के समक्ष मनेंद्रगढ़ में भी लॉ महाविद्यालय जल्द शुरू कराने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि संभाग के अधिक से अधिक विद्यार्थियों को विधि शिक्षा की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मनेंद्रगढ़ में भी लॉ कॉलेज खोलने की दिशा में पहल होनी चाहिए।