सरगुजा

कबरा हाथी आधी रात तक बस्ती के पास घूमता रहा, वन अमले ने 2 को खदेड़ा
26-Nov-2026 8:42 PM
कबरा हाथी आधी रात तक बस्ती के पास घूमता रहा, वन अमले ने 2 को खदेड़ा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

उदयपुर, 26 नवंबर। सरगुजा जिले के उदयपुर वन परिक्षेत्र में हाथियों की आवाजाही से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। बीती रात सुखरी भंडार गौठान के पास विचरण कर रहे 16 हाथियों के दल से कबरा हाथी सहित दो हाथी अलग होकर बस्ती की ओर बढऩे लगे। हाथियों के बस्ती के करीब पहुंचने से वन विभाग का अमला अलर्ट हो गया। वनकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आधी रात को दोनों हाथियों को बस्ती से दूर खदेडऩे में सफलता हासिल की।

 सुखरी भंडार गौठान के पास 16 हाथियों का दल मौजूद था। इसी दौरान गन्ने की बाड़ी से निकलकर कबरा हाथी सहित दो हाथी दल से अलग हो गए और अलग-अलग विचरण करने लगे। दोनों के बस्ती की ओर बढऩे की सूचना पर वन विभाग की टीम ने निगरानी बढ़ाते हुए उन्हें सुरक्षित दूरी पर खदेडऩे का प्रयास किया।

वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, अब कबरा हाथी सहित कुल 18 हाथी एक साथ कक्ष क्रमांक पी-2064 में विचरण कर रहे हैं। इनमें 17 हाथियों के दल के साथ कबरा हाथी भी शामिल हो गया है।

इधर, हाथियों ने एक किसान की तैयार आलू की फसल को पूरी तरह नष्ट कर दिया। ग्रामीण के अनुसार, फसल नुकसान से उसे करीब 50 हजार रुपये की आर्थिक क्षति हुई है।

हाथियों की संभावित आवाजाही को देखते हुए सत्तीमुड़ा, चकेरी, कॉलोनी, सुखरी भंडार, बिच्छलघाटी, लक्ष्मणगढ़ और तेंदुटिकरा सहित आसपास के गांवों में विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।

ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील

वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए सतर्क रहें और उनके पीछे जाने या नजदीक जाकर फोटो-वीडियो बनाने की कोशिश न करें। हाथियों को भगाने के लिए खुद कोई प्रयास न करें। रात के समय खेतों और जंगल की ओर जाने से बचें। हाथियों की गतिविधियों की जानकारी तत्काल वन विभाग को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।


अन्य पोस्ट