सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 28 नवंबर। मुख्यमंत्री के 29 नवंबर को अंबिकापुर आगमन एवं प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए सरगुजा पुलिस ने शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए विभिन्न मार्गों से आने वाले वाहनों के लिए रूट डायवर्जन और आठ स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था निर्धारित की गई है। यह यातायात एडवाइजरी रविवार सुबह 7 से रात 8 बजे तक लागू रहेगी।
इस दौरान शहर में सुबह 7 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि, आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों को आवागमन की छूट दी गई है।
इन मार्गों से गुजरेंगे वाहन
पुलिस द्वारा जारी एडवाइजरी के अनुसार, मनेन्द्रगढ़ रोड और बनारस रोड की ओर से आने वाले वाहन साईं मंदिर तिराहा, महावीर मार्ग, रावत रेजीडेंसी तिराहा, कन्या परिसर रोड, गंगापुर मोड़ और मासूम अस्पताल के पास रिंग रोड होते हुए बस स्टैंड की ओर जाएंगे।
गढ़वा रोड और प्रतापपुर रोड की ओर से आने वाले वाहन सरगंवा रोड, संजय पार्क मार्ग, लरंगसाय चौक और रिंग रोड होते हुए चांदनी चौक, सद्भावना चौक, भारत माता चौक एवं बस स्टैंड मार्ग से अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
वहीं, रायगढ़ और बिलासपुर रोड की ओर से आने वाले वाहन रिंग रोड, भारत माता चौक, बिलासपुर चौक, नया बस स्टैंड, मासूम अस्पताल के पास गंगापुर मोड़ और माखन विहार तिराहा होते हुए एमजी रोड की ओर जाएंगे।
आठ स्थानों पर बनाई गई पार्किंग व्यवस्था
कार्यक्रम में ड्यूटी करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों, मीडिया प्रतिनिधियों और आम नागरिकों के वाहनों के लिए आठ पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।
इनमें पीजी कॉलेज गेट पर ड्यूटी में तैनात अधिकारी-कर्मचारियों एवं मीडिया प्रतिनिधियों के वाहनों की पार्किंग होगी। बनारस रोड से आने वाले नागरिकों के लिए दुबे प्लाट, आकाशवाणी चौक की ओर से आने वालों के लिए नवापारा चर्च के सामने का मैदान और अंबेडकर चौक की ओर से आने वालों के लिए सर्कस मैदान निर्धारित किया गया है।
इसी तरह गांधी चौक की ओर से आने वाले वाहनों के लिए पॉलिटेक्निक कॉलेज मैदान (आईटीआई की ओर से प्रवेश), अंबेडकर चौक एवं एमजी रोड की ओर से आने वालों के लिए राजमोहिनी देवी भवन और उसके पीछे का मैदान तथा एमजी रोड की ओर से आने वाले वाहनों के लिए किसान राइस मिल मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
सरगुजा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित रूट डायवर्जन और पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें तथा यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने में सहयोग करें।