सरगुजा

बदहाल सडक़ों को सुधारने की कवायद तेज, खरसिया नाका से दरिमा रोड तक निर्माण शुरू
27-Nov-2026 8:46 PM
बदहाल सडक़ों को सुधारने की कवायद तेज, खरसिया नाका से दरिमा रोड तक निर्माण शुरू

 एनएच दफ्तर का सामाजिक कार्यकर्ताओं ने किया घेराव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर,27 नवंबर। शहर की जर्जर सडक़ों से जूझ रहे लोगों को आने वाले दिनों में राहत मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। भारत माता चौक से दरिमा रोड तक सडक़ निर्माण का काम शुरू कर दिया गया है। इस कार्य को अगले तीन महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, अंबिकापुर-मनेंद्रगढ़ मार्ग के चौड़ीकरण और नवनिर्माण को लेकर भी रास्ता साफ हो गया है। इसके लिए ठेकेदार को 18 महीने की समयसीमा दी गई है। दूसरी ओर, राष्ट्रीय राजमार्ग की बदहाल सडक़ों को लेकर शुक्रवार को सामाजिक कार्यकर्ताओं ने नेशनल हाईवे कार्यालय पहुंचकर घेराव और प्रदर्शन किया। अधिकारियों की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने जल्द सुधार नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।

खरसिया नाका से लुचकी घाट तक सडक़ की हालत खराब

नेशनल हाईवे-43 पर खरसिया नाका से लुचकी घाट तक सडक़ की स्थिति बेहद खराब है। इसी तरह सीतापुर नगर पंचायत क्षेत्र में करीब चार किलोमीटर सडक़ पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। गांधी चौक से सिलफिली तक भी सडक़ पर जगह-जगह गड्ढे होने से आवागमन प्रभावित हो रहा है। अंबिकापुर के खरसिया नाका रोड और सीतापुर क्षेत्र में चौड़ीकरण का काम करीब डेढ़ महीने से बंद था, जिसे अब दोबारा शुरू कर दिया गया है।

दो किमी सडक़ पर होगा चौड़ीकरण और सीसी निर्माण

नगर निगम क्षेत्र के खरसिया नाका रोड पर जलभराव की समस्या को देखते हुए सडक़ चौड़ीकरण के साथ नाली और सीसी रोड का निर्माण कराया जा रहा है। करीब दो किलोमीटर लंबी सडक़ में से 300 मीटर हिस्से में डामरीकरण किया जा चुका है, जबकि शेष हिस्से में सीसी सडक़ बनाई जाएगी। निर्माण के लिए जिला प्रशासन ने 40 से अधिक अतिक्रमण हटाए हैं। अधिकारियों के अनुसार, इस सडक़ का निर्माण अगले तीन महीने में पूरा करने का लक्ष्य है।

मनेंद्रगढ़ मार्ग के लिए 18 महीने की समयसीमा

अंबिकापुर-मनेंद्रगढ़ मार्ग पर गांधी चौक से रेलवे स्टेशन रोड तक चौड़ीकरण और नवनिर्माण कराया जाएगा।

पीडब्ल्यूडी और नेशनल हाईवे के बीच विभागीय समन्वय नहीं होने के कारण करीब डेढ़ महीने से काम अटका हुआ था।

 नेशनल हाईवे ने वन टाइम इम्प्रूवमेंट योजना के तहत निर्माण के लिए टेंडर जारी किया था, जबकि पीडब्ल्यूडी ने भी इसके लिए राशि स्वीकृत की थी। अब पीडब्ल्यूडी ने स्वीकृत राशि नेशनल हाईवे को हस्तांतरित कर दी है।

निर्माण के दौरान सडक़ चौड़ीकरण के साथ बिजली के खंभे और पाइपलाइन भी शिफ्ट की जाएगी। इसके लिए बिजली विभाग, वन विभाग और नगर निगम को डिमांड नोट जारी किया गया है। फिलहाल ठेकेदार ने गड्ढों की मरम्मत कराई है। पूरे निर्माण कार्य को 18 महीने में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

अफसर नहीं मिले तो कार्यकर्ताओं ने जताई नाराजगी

शहर और आसपास के क्षेत्रों में खराब सडक़ों को लेकर शुक्रवार को सामाजिक कार्यकर्ताओं ने नेशनल हाईवे कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान जिम्मेदार अधिकारी कार्यालय में मौजूद नहीं मिले। इस पर कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताते हुए आरोप लगाया कि अधिकारी उनसे मुलाकात करने के बजाय कार्यालय से चले गए।

वहीं, कार्यालय में मौजूद मानचित्रकार ने बताया कि कुछ अधिकारी रायपुर में आयोजित बैठक में शामिल होने गए हैं, कार्यपालन अभियंता की हाईकोर्ट में पेशी है, जबकि अन्य अधिकारी फील्ड में हैं। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सडक़ों की बदहाली से आम लोगों को रोजाना परेशानी उठानी पड़ रही है। यदि जल्द मरम्मत और निर्माण कार्य में तेजी नहीं लाई गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।


अन्य पोस्ट